
पिहोवा, 22 अप्रैल(राजेश वर्मा)।
कहते हैं कि किस्मत का पता नहीं कब लॉटरी लग जाए। कभी ना कभी इंसान की जिंदगी में अच्छा दिन आता ही है। ऐसा ही वाकया उस समय देखने को मिला जब एक चाय वाले खोखे पर खेल मंत्री संदीप सिंह का काफिला अचानक रुक गया। एक बार तो चाय वाला मंत्री को सामने देखकर हैरत में पड़ गया। लेकिन जब उसे पता चला कि मंत्री जी उसकी मदद के लिए आए हैं तो उसकी आंखों से आंसू छलक आए। ढांड रोड पर कैंची चौक के निकट स्थित सुशील कुमार चाय की दुकान करते हैं। इसी दुकान से उनके परिवार का गुजारा होता है। दुकान भी कच्ची हालत में है। यहां से गुजरते समय खेल मंत्री की नजर अचानक उसकी दुकान पर पड़ गई। उस समय मंत्री गांव असमानपुर के दौरे पर थे। वापस लौटते समय खेल मंत्री ने काफिला चाय वाले सुशील की दुकान के सामने रुकवा लिया और उससे बातचीत करने पहुंच गए। सुशील ने मंत्री को बताया कि पिछले कई दशकों से वह यहां चाय की दुकान कर रहा है। इसी दुकान से उसके परिवार का बड़ी मुश्किल से गुजारा होता है। बरसात के समय में दुकान में पानी भर जाता है। इस पर खेल मंत्री ने तुरंत बीडीपीओ को फोन करके दुकान के सामने ब्लॉक लगाकर पक्का करने के आदेश दिए और सुशील कुमार को 1 लाख की मदद भी दी। इतना ही नहीं खेल मंत्री ने उनके हाथ से बनी चाय पी और उनके साथ जितने भी लोगों ने चाय पी उनका बिल मंत्री जी ने चुकाया। खेल मंत्री ने कहा कि उन्होंने निकलते समय यहां सुशील को दोपहर गर्मी में चाय बनाते देखा था। तभी उन्होंने सोच लिया था कि वापस लौटते समय उसे जरूर मिलेंगे। उनका प्रयास रहता है कि जरूरतमंद लोगों की ज्यादा से ज्यादा मदद कर सकें। सुशील कुमार ने कहा कि उसने कभी सोचा भी नहीं था कि मंत्री उसकी दुकान पर आकर चाय पिएंगे और उसकी मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि खेल मंत्री जैसे इंसान दुनिया में बहुत कम हैं। जो इतने बड़े पद पर होने के बावजूद भी लोगों का दर्द समझते हैं।
बहुत ही सुंदर समाचार वेरी गुड राजेश जी
ReplyDelete