*सावन के 21वें दिन रुद्राभिषेक में उमड़ा भक्तों का सैलाब
राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि
बिजड़पुर
बिजड़पुर
बिजड़पुर गांव स्थित पावन धार्मिक स्थल जग ज्योति नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में आज सावन मास के 21वें दिन विशेष धार्मिक आयोजन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य आकर्षण महंत राजेंद्र पुरी जी महाराज का आध्यात्मिक प्रवचन और रुद्राभिषेक अनुष्ठान रहा। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने भक्ति भाव से भगवान शिव का जलाभिषेक किया और महंत जी की अमृतवाणी का लाभ लिया।
अपने ओजस्वी प्रवचनों में महंत राजेंद्र पुरी जी महाराज ने कहा कि जीवन में सबसे श्रेष्ठ सेवा अपने माता-पिता और गुरु की सेवा है। उन्होंने श्रद्धालुओं को समझाया कि भक्ति केवल मंदिरों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि अपने घर में माता-पिता की सेवा, गुरु के आदेशों का पालन और समाज में प्रेम व त्याग का विस्तार भी भक्ति का ही रूप है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने माता-पिता की सेवा नहीं करता, वह भक्ति के मार्ग से दूर रहता है, और उसका जीवन शांति व सफलता से वंचित रह जाता है।
महंत जी ने युवाओं को विशेष रूप से संदेश दिया कि वे अपनी सोच में परिवर्तन लाएं, अपने बड़ों का सम्मान करें और अच्छे संस्कारों को अपनाएं। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से यह भी बताया कि जो भगवान को नहीं देख सकता, वह अपने माता-पिता को ही भगवान का रूप माने और सेवा को ही धर्म माने। प्रवचन के दौरान श्रद्धालुओं ने “हर हर महादेव” और “बम बम भोले” के जयघोष से पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान रुद्राभिषेक अनुष्ठान का भी आयोजन किया गया, जिसमें दारसी निवासी शुभम और आदित्य ने यजमान के रूप में भाग लिया। पूरे विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया और भक्ति भाव से भगवान शिव की आराधना की गई।
समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और वातावरण में श्रद्धा, शांति व आनंद का विशेष अनुभव देखने को मिला। मंदिर समिति और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से संपूर्ण आयोजन अत्यंत अनुशासित और भव्य रहा, जिससे भक्तों को धर्म, सेवा और भक्ति के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त हुई।
Tags
बिजड़पुर