राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि
पिहोवा,
27दिसंबर 2025 को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धूलगढ़ गुलडेहरा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कैंप का शुभारंभ माननीय प्रिंसिपल ओमप्रकाश जी द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया।इस विशेष शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना जागृत करना तथा उन्हें सेवा और राष्ट्रनिर्माण की भावना से जोड़ना है।
शिविर का औपचारिक उद्घाटन विद्यालय के माननीय प्रधानाचार्य श्री ओमप्रकाश जी, कार्यक्रम अधिकारी संदीप जी, प्राध्यापक श्री मनोहर लाल जी के नेतृत्व में एनएसएस गीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ। शिविर स्थल पर स्वयंसेवकों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा सभी ने अनुशासन और समर्पण के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
उद्घाटन सत्र में प्रधानाचार्य श्री ओमप्रकाश जी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए एनएसएस के मूल सिद्धांत “नॉट मी, बट यू” पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनएसएस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन को समाज सेवा से जोड़ने की एक सशक्त विचारधारा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस शिविर के माध्यम से सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे मूल्यों को आत्मसात करें। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं और उन्हें संवेदनशील, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं।
इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी श्री संदीप कुमार जी ने सात दिवसीय विशेष शिविर की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की तथा राष्ट्रीय सेवा योजना तथा उसके महत्व के विषय में बताया। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम, सामाजिक कुरीतियों पर जागरूकता, वृक्षारोपण, सामुदायिक सेवा, योग एवं ध्यान, व्यक्तित्व विकास सत्र तथा शैक्षिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। इन सभी गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना तथा समाज के प्रति उनके दायित्वों को समझाना है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों में टीम भावना, नेतृत्व कौशल और सेवा भावना का विकास होगा, जिससे वे भविष्य में समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी नागरिक सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण एवं निष्ठा के साथ शिविर की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का संकल्प लिया। संपूर्ण कार्यक्रम सफलतापूर्वक एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
Tags
पिहोवा