दुकानें बंद करके किया रोष प्रकट, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा, 20 मई। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की ओर से अपनी मांगों के समर्थन में बुधवार को हड़ताल रखी गई। इस दौरान एसोसिएशन से जुड़े सभी सदस्यों ने अपनी दुकानें बंद करके रोष प्रकट किया। जिसके बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। एसोसिएशन के प्रधान संजीव नंदराजोग और सचिव संजीव बंसल ने बताया कि ऑनलाइन दवा की बिक्री से निम्न स्तर की दवाओं की होम डिलीवरी देकर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। कई जगह तो प्रतिबंधित दवाइयों की सप्लाई देने की शिकायत में मिल रही है। इसके साथ ही कॉरपोरेट्स द्वारा बड़ा डिस्काउंट देकर केमिस्टों के काम को ठप्प करने की साजिश रची जा रही है ताकि मार्केट से दुकानें हट जाएं और कारपोरेट्स की मनमानी हो सके। इन्हीं सभी मुद्दों को देखते हुए हरियाणा स्टेट केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनजीत शर्मा और जिला प्रधान अशोक सिंगला के नेतृत्व में सभी ने दुकान बंद करके रोष जताया। यूनियन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन तेज होगा।इस मौके पर संरक्षक वीरभान सिंगला, सहसचिव संजीव मित्तल, संजीव खुराना, दीपक सिंगला, राजेंद्र गोयल, सुशील अरोड़ा, सुरेंद्र सिंगला, मनीष कुमार, दलबीर सिंह, अनिल सिंगला, सौरव सिंगला, शांति प्रकाश मित्तल, पंकज सिंगला, रिंकू गोयल, राहुल गुप्ता, सतीश कल्याण सहित कई लोग मौजूद रहे।
Tags
Abhishek-08295956664
