25 सितंबर की रोहतक रैली करेगी प्रदेश की राजनीति की दिशा तय: अभय चौटाला

अभिषेक पूर्णिमा 
पिहोवा, 16 अगस्त। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने आज पिहोवा के कुरुक्षेत्र रोड पर गांव संधौली स्थित एस.आर फॉर्म में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में इनेलो को प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, प्रदेश महासचिव बूटा सिंह लुखी, जिला अध्यक्ष जयपाल चढूनी, हल्का प्रधान रिम्पी वड़ैच इत्यादि नेताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर चौटाला ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील करते हुए 25 सितंबर को ताऊ देवीलाल की जयंती पर रोहतक में होने वाली रैली में भारी संख्या में पहुँचने का आह्वान किया।
        अभय चौटाला ने कहा कि ताऊ देवीलाल ने हमेशा किसानों, गरीबों, मजदूरों और आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष किया था और उनकी नीतियों को आगे बढ़ाना इनेलो का संकल्प है। उन्होंने कहा कि यह रैली प्रदेश की राजनीति की दिशा तय करेगी और जनता के मुद्दों को आवाज देने का काम करेगी।
               जनसभा को संबोधित करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कांग्रेस और भाजपा दोनों सरकारों की नीतियों को जनता के खिलाफ बताते हुए उन पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने किसानों को केवल झूठे वादे दिए हैं और उन्होंने तो किसानों के हकों की आवाज में शामिल होकर अपने विधायक पद से इस्तीफा देकर उनके संघर्ष में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेश की जनता रोहतक की अनाज मंडी में भारी संख्या में शामिल होने की अपील की जिसका जनता ने हाथ खड़े कर उनका निमंत्रण स्वीकार किया।
   भाजपा और कांग्रेस दोनों ने जनता को ठगने का काम किया है और हरियाणा की जनता इनसे अब छुटकारा चाहती है। इसीलिए सभी कार्यकर्ता अभी से इनेलो पार्टी के प्रचार प्रसार में जुट जाएं। पार्टी छोड़ कर अन्य दलों में गए नेताओं व कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उनको मनाकर पार्टी में वापसी करवाई जाए। उन्होंने कहा कि इनेलो ही वह पार्टी है जो ताऊ देवीलाल की विचारधारा पर चलते हुए किसानों, गरीबों और युवाओं के हितों की सच्ची लड़ाई लड़ रही है। चौटाला ने लोगों से आग्रह किया कि वे 25 सितंबर की रैली को ऐतिहासिक बनाएं और इनेलो की ताकत को पूरे प्रदेश में दिखाएँ।
    कार्यक्रम में शामिल हुई भारी भीड़ को देख अभय चौटाला गदगद हो गए और हल्का प्रधान रिम्पी वड़ैच, बलदेव वड़ैच की पीठ थपथपाई। इसके पश्चात रिम्पी वड़ैच, बलदेव वड़ैच व राज संधू ने अभय चौटाला, रामपाल माजरा सहित अन्य नेताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सुरेश नैन, आकाश नैन,परमजीत चट्ठा,मनदीप, सेवा सिंह, सुभाष बटेडी,आशुप्रीत, प्रिंस सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post