गुरू वह जो समस्त मानवता को अंधकार से उभार कर उजाले की ओर ले जाए: श्रीमहंत बंसी पुरी

-----अभिषेक पूर्णिमा 
पिहोवा, 10  जुलाई:  सरस्वती सरोवर के तट पर स्थित श्री पृथ्वेश्वर महादेव मंदिर व श्री दक्षिणा काली पीठ मॉडल टाऊन में भारत साधु समाज के प्रदेशाध्यक्ष श्रीमहंत बंसी पुरी के सम्मान में 36वां गुरू पूर्णिमा महोत्सव परंपरागत रूप से मनाया गया। जानकारी देते हुए पृथ्वेश्वर महादेव मंदिर के व्यवस्थापक स्वामी महेश पुरी ने बताया कि कार्यक्रम में अनेक संत महात्माओं सहित भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।  सर्वप्रथम प्रभु भक्ति का गुणगान किया गया। तत्पश्चात गुरू पूजन शुरू हुआ। कार्यक्रम में महिला संकीर्तन मंडल द्वारा अपने भजनों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा।  
                 श्रद्धालुओं पर प्रवचनों की अमृतवर्षा करते हुए महंत बंसी पुरी ने जीवन में गुरू के स्थान की महत्वत्ता बारे कहा कि यह मानव जीवन हमें प्रभु की कृपा से मिला है, लेकिन इसमें सफलता गुरू कृपा से ही प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि गुरू दो अक्षरों का सामान्य सा शब्द संपूर्णता को समेटे हुए है। गुरू वह है जो समस्त मानवता को अंधकार से उभार कर उजाले की ओर ले जाए। भक्त ओर भगवान के मध्य गुरू सेतू का कार्य करता है।
                  कार्यक्रम के समापन पर एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। स्वामी महेश पुरी ने कार्यक्रम में पहुंचे संत महात्माओं सहित गणमान्यजनो का आभार व्यक्त किया। इस मौेके पर स्वामी चमन गिरी, स्वामी खट्वांग पुरी, स्वामी आशुतोष पुरी, गोबिंदा नंद आश्रम की महंत सर्वेश्वरी गिरी, बलदेव गर्ग, सुरेंद्र बंसल, देव पूर्णिमा, गोपाल कौशिक, संजय वर्मा, विपिन काहडा, डा. राजेंद्र मंगला, आचार्य अभिषेक कुश, संजय पौलस्त्य, पंडित राधे, सोनू अत्री, जोनी गर्ग सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post