>>>>>हिंदुत्व व सामाजिक समरसता पर दिया गया संदेश
ब्यूरो चीफ राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि
कुरुक्षेत्र/पिहोवा
पिहोवा के ऐतिहासिक रामलीला भवन में आज का दिन भावनात्मक और ऐतिहासिक दोनों रहा, जब शिव सेना हिंदुस्तान के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुप्ता और जग ज्योति दरबार बिजड़पुर के पूज्य महंत राजेंद्र पुरी जी महाराज विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए, जो पश्चिम बंगाल में हिंदुओं की हो रही हत्याओं के विरोध में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत पहल गांव में हुई हिंदुओं की नृशंस हत्या के प्रति श्रद्धांजलि स्वरूप दो मिनट का मौन रखकर की गई, जिससे समस्त वातावरण गमगीन हो उठा और उपस्थित जनसमूह की आंखें नम हो गईं। इसके पश्चात कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। दोनों विशिष्ट अतिथियों का पारंपरिक रूप से पुष्पमालाओं व जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया गया।
अपने ओजस्वी उद्बोधन में पवन गुप्ता ने देश में हिंदुत्व की रक्षा, युवाओं को संगठन से जोड़ने, सामाजिक बुराइयों से लड़ने और राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि अब समय आ गया है जब हिंदू समाज को अपने अधिकारों, सम्मान और अस्तित्व की रक्षा के लिए संगठित रूप से आगे आना होगा।
वहीं, महंत राजेंद्र पुरी जी महाराज ने धर्म, संस्कृति, संस्कार और सामाजिक समरसता की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब तक समाज आध्यात्मिक रूप से जागरूक नहीं होगा, तब तक सच्चा परिवर्तन संभव नहीं। उन्होंने युवाओं से अपने धर्म, संस्कृति और विरासत को अपनाने और संरक्षित रखने की अपील की।
Tags
कुरुक्षेत्र/पिहोवा