अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा, 16 अप्रैल पिहोवा की अनाज मंडी में इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने गेहूं खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। चौटाला ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार अनाज मंडियों को खत्म करना चाहती थी। इस बार भाजपा सरकार ने किसानों के लिए मंडी तक फसल लाना कठिन बना दिया है। उन्होंने कहा कि इनेलो पार्टी ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया, जिसके बाद सरकार को अपने फैसलों में बदलाव करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि अगर पार्टी आवाज नहीं उठाती तो किसानों को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता। मंडी में गेहूं के उठान में हो रही देरी को लेकर भी उन्होंने सरकार को जिम्मेदार ठहराया। चौटाला ने कहा कि सरकार ने ऐसे ठेकेदारों को काम दिया है, जो आढ़तियों से प्रति बोरी रुपये तक वसूल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी सरकार बनी तो इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस को इस उम्मीद में वोट दिया था कि वह सत्ता में आकर किसानों की समस्याएं हल करेगी, लेकिन अब कांग्रेस और भाजपा मिलीभगत से काम कर रही हैं।
चौटाला ने कहा कि इनेलो कार्यकर्ता अपने संसाधनों से मंडियों में जाकर किसानों की समस्याएं सुन रहे हैं, जबकि अन्य दलों के नेता ऐसा नहीं कर रहे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि विपक्षी नेता मंडियों में आकर किसानों के मुद्दे उठाने लगें, तो सरकार उन पर दबाव बना सकती है। मंडी दौरे के दौरान चौटाला ने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनी और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि भाजपा सरकार एक से बढ़कर एक किसान विरोधी नीतियों को ला कर किसानों को लूटने का कार्य कर रही है, भाजपा की नजर किसानों की जमीन पर टिकी हुई है। वह किसानों से उनकी जमीन हड़पना चाहती है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बूटा सिंह, शेर सिंह बड्सयामी, मीडिया प्रभारी पंकज तनेजा, हल्का प्रधान रिम्पी वड़ैच, पूर्व हल्का प्रधान करन सिंह इसहाक, पूर्व हल्का प्रधान सुरेश नैन, जिला परिषद पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुभाष बटेडी, राज संधू, दरयाव सिंह इसहाक, मनजीत सिंह सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


