अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा, 16 अप्रैल। भाजपा लीगल सेल के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशांत भारती ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिला आरक्षण बिल (33 प्रतिशत) लाना देश की राजनीति में एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं केवल घर तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि विधानसभा और संसद में पहुंचकर देश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और यह अधिनियम उन्हें और अधिक अवसर प्रदान करेगा। सुशांत भारती ने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में जिला कुरुक्षेत्र में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर महिलाओं को जोड़कर उनसे हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें इस कानून के प्रति जागरूक किया जा सके।उन्होंने जानकारी दी कि इस अधिनियम के लागू होने से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। इसी कड़ी में 16 अप्रैल को ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में नारी शक्ति वंदन पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी और पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा मुख्य रूप से शामिल होंगी। सुशांत भारती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम है। इस अवसर पर जगत सिंह, सुरेंद्र पाल, ज्ञान सरपंच, दिनेश सरपंच, कुलदीप ककराला, लाडी पाल, बलवींदर चेयरमैन और सतीश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
