अभिषेक पूर्णिमा
महर्षि कश्यप जयंती पर उमड़ा समाज का उत्साह, पिहोवा चौक पर भंडारे के साथ हुआ भव्य आयोजन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा लीगल सेल के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशांत भारती पहुंचे। उन्होंने अपने संबोधन में महर्षि कश्यप को भारतीय संस्कृति, ज्ञान और आध्यात्मिक परंपरा का महान महापुरुष बताते हुए कहा कि महर्षि कश्यप का जीवन समाज को एकता, सेवा और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऋषि-मुनियों की तपोभूमि भारत सदैव महान संतों और महापुरुषों की विचारधारा से प्रेरित रहा है और महर्षि कश्यप का योगदान हिंदू संस्कृति में अतुलनीय है।
सुशांत भारती ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपने महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप ने समाज को ज्ञान, अनुशासन और मानव कल्याण का मार्ग दिखाया, जिसे आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा, संगठन और संस्कारों से ही संभव है। समाज के वरिष्ठ लोगों ने युवाओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रधान जीता राम कश्यप ने सभी अतिथियों और समाज के लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि महर्षि कश्यप जयंती केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संगठित करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि समाज के लोग हमेशा सामाजिक और धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे हैं और भविष्य में भी इसी प्रकार एकजुट होकर कार्य करते रहेंगे। कार्यक्रम में मेघामाजरा के मांगे राम कश्यप, दीपक अत्री, प्रवीण काला, दिनेश, सुखदेव, रणजीत टिकरी, सुभाष टबरा, राकेश धवन, बिला अरुणाय सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने महर्षि कश्यप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और समाज में भाईचारे तथा एकता बनाए रखने का संकल्प लिया। भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। आयोजन स्थल पर पूरे दिन धार्मिक और सामाजिक वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समाज के लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे प्रेरणादायी आयोजन बताया।
