***मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना व भंडारे का आयोजन
किशोर शर्मा। भारत न्यूज 24
पिहोवा, 12 अप्रैल
इंग्लैंड के साउथहॉल स्थित श्री राम मंदिर में अप्रवासी सैनी समाज द्वारा समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरूआत मंदिर के पुजारी संदीप शर्मा द्वारा विशेष पूजा-अर्चना व वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ करवाई गई जिसमें समाज से जुड़े अनेक लोगो ने सपरिवार भाग लिया। पूजा-अर्चना के उपरांत मंदिर परिसर में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में भजन गायकों ने एक सेबढक़र एक सुंदर भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बनाए रखा। इसके पश्चात मंदिर के पुजारी पं. संदीप शर्मा ने महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन, उनके सामाजिक योगदान और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि फुले जी ने समाज में व्याप्त कुरीतियों, जातिगत भेदभाव और असमानता के खिलाफ संघर्ष करते हुए शिक्षा को सभी के लिए सुलभ बनाने का कार्य किया, जो आज भी प्रेरणादायक है। मंदिर कमेटी के प्रमुख पदाधिकारी अरूण ठाकुर व जय शर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए समाज के लोगो व मंदिर सेवादारों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले सैनी समाज के प्रमुख सदस्यों ने बताया कि विदेश में रहकर भी अपनी संस्कृति, परंपराओं और महान विभूतियों की जयंती मनाना समाज को एकजुट रखने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से महात्मा फुले के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का माहौल बना रहा। इस आयोजन ने न केवल महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों को पुनर्जीवित किया, बल्कि विदेश में बसे भारतीय समुदाय के बीच आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक जुड़ाव को भी मजबूत किया।
इस मौके पर सैनी समाज से जुड़े राकेश सैनी, मनीष सैनी, संतोख सैनी, नरेश सैनी, शिव सैनी, नरेश सैनी, रजनी सैनी, नीलम सैनी, अमित सैनी, संजीव सैनी सहित गोपाल शर्मा, रोबिन, राहुल, आकाश, बलविंद्र, साहिल, संजू, गौतम, वीर शर्मा, गगन व जशन सहित अनेक वालंटियर मौजूद रहे।
Tags
कुरुक्षेत्र