अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा, 23 मई। भारतीय शिक्षा समिति द्वारा संचालित बाबा श्रवणनाथ विद्यालय में हरियाणा बोर्ड की परीक्षा में अव्वल रहे छात्रों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर बतौर मुख्यातिथि संगमेश्वर महादेव मंदिर के सचिव महंत विश्वनाथ गिरी व वशिष्ठ अतिथि के तौर पर नगर पालिका के प्रधान आशीष चक्रपाणि ने बच्चों को आशीर्वाद दिया। भारतीय शिक्षा समिति के सचिव भूषण गौतम ने बताया कि श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी के सानिध्य में चल रहा बाबा श्रवणनाथ स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में पिछले 50 वर्षों से नए आयाम स्थापित कर रहा है। यहां से शिक्षा प्राप्त करके बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्र सेवा के पद पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार कुल परिणाम शत प्रतिशत रहा। हरियाणा बोर्ड की परीक्षा में 12वीं कक्षा में 13 बच्चों ने मेरिट में जगह बनाई। जबकि दसवीं में 18 बच्चे मेरिट में रहे। 31 बच्चों ने मेरिट लेकर अपने अभिभावकों और स्कूल का नाम रोशन किया। दसवीं में प्रीत ने 500 में से 472 अंक लेकर टॉप किया तो 12वीं में शिवम ने 464 अंक हासिल किए। अच्छा परिणाम हासिल करने वाले सभी बच्चों को स्कूल की ओर से सम्मानित किया गया। नगर पालिका चेयरमैन आशीष चक्रपाणि ने कहा कि इस विद्यालय में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी प्रदान किए जा रहे हैं ताकि वे कर्तव्य निष्ठ नागरिक बनकर देश की सेवा में भागीदार बन सकें। प्रिंसिपल खजान मेहला ने कहा कि कहा कि अध्यापकों की मेहनत की बदौलत प्रतिवर्ष बच्चों की संख्या में वृद्धि हो रही है। जिसके मद्देनजर बाबा श्रवणनाथ विद्यालय को जल्द ही सीबीएसई में कन्वर्ट किया जा रहा है। इस मौके पर समिति के सचिव भूषण गौतम, प्रिंसिपल खजान मेहला, जनकराज सिंगला, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी जसबीर सैनी, डॉ. राजेंद्र मंगला, वीरभान गुप्ता नंबरदार, कश्मीरी लाल गर्ग सूर्यकांत शर्मा, रजनी बाला और ऊषा
सहित अभिभावक व छात्र मौजूद रहे।
