अभिषेक पूर्णिमा/पिहोवा
बोले—मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कर रहे हैं बिना भेदभाव के विकास कार्य
पिहोवा, 9 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पिहोवा से पूर्व प्रत्याशी पंडित जय भगवान शर्मा डीडी ने क्षेत्र में विकास की रफ्तार को नई दिशा देते हुए एक ही दिन में 6 से अधिक गांवों में विकास कार्यों का शुभारंभ कर जनता को बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कुल 10 से ज़्यादा विकास कार्यों का उद्घाटन किया, जिनमें गलियां, सीवरेज और बस स्टॉप जैसी बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर गांव लोटनी में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे डीडी शर्मा ने तीन नई गलियों का लोकार्पण कर ग्रामीणों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं का तोहफा दिया। कार्यक्रम में भारी संख्या में महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की भागीदारी देखने को मिली। गांव बोधनी में बस स्टॉप निर्माण का शुभारंभ किया और शिव मंदिर वाली गली का निर्माण कार्य शुरू किया l गांव जुरासी खुर्द में दो नई गलियां व सरस्वती खेड़ा कॉलोनी में दो गलियों का निर्माण और रतनगढ़ ककराली में शिव मंदिर से सरकारी स्कूल तक सीवरेज लाइन का शुभारंभ किया l कुल मिलाकर 10 से ज़्यदा विकास परियोजनाएं एक ही दिन में शुरू की जिससे हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रमों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने पंडित जय भगवान शर्मा डीडी का फूल-मालाओं और स्मृति चिन्हों के साथ भव्य स्वागत किया, जो क्षेत्र में उनकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। इस दौरान डीडी शर्मा ने गांव जुरासी स्थित सचखंड ईश्वर दरबार में संत बाबा मान सिंह जी की तीसरी बरसी पर आयोजित समागम में भाग लेकर माथा टेका और संत महापुरुषों का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि संत-महापुरुष समाज को सही दिशा दिखाते हैं, और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में भाईचारा और शांति बनी रह सकती है।”
राजनीतिक रूप से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की नीतियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा की आज हरियाणा में बिना भेदभाव के विकास हो रहा है। सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। यही असली सुशासन है। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियां जनहित, पारदर्शिता और समान विकास पर आधारित हैं, जिससे हर वर्ग को समान लाभ मिल रहा है। इस मौके पर भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न गांवों के गणमान्य लोग भारी संख्या में उपस्थित रहे।


