अभिषेक पूर्णिमा
भगवान शिव परिवार से जुड़ी झांकियां और भांगड़ा की प्रस्तुति देते स्कूली बच्चे रहे आकर्षण का केंद्र, जगह-जगह हुआ स्वागत
पिहोवा, 11 फरवरी। महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में संगमेश्वर महादेव मंदिर अरुणाय की ओर से विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर अनाज मंडी में नवदुर्गा ट्रेडिंग कंपनी पर सुरेंद्र गर्ग, जनकराज सिंगला व संदीप गर्ग के सौजन्य से भंडारे का आयोजन किया गया। श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी व सचिव महंत विश्वनाथ गिरी के सानिध्य में निकाली गई शोभायात्रा को कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बतौर मुख्यातिथि झंडी दिखाकर रवाना किया। जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर भाजपा नेता जय भगवान शर्मा डीडी ने हिस्सा लिया। मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि संगमेश्वर महादेव मंदिर का संचालन कर रहा श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी प्राचीन संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ मानव सेवा की परंपरा को भी आगे बढ़ा रहा है। सचिव महंत रविंद्र पुरी और महंत विश्वनाथ गिरी के प्रयास से आज यह संस्था देश-विदेश में अपनी भव्यता के रूप में पहचान बन चुकी है। ये सब भगवान शिव की कृपा है। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पर लगने वाले मेले में सरकार व प्रशासन का पूरा सहयोग रहेगा और देशभर से श्रद्धालुओं को संगमेश्वर मंदिर में आकर अपनी मनोकामना मांगनी चाहिए।
भाजपा नेता जय भगवान शर्मा डीडी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी को भी महाशिवरात्रि मेले का निमंत्रण दिया गया है। सभी की इच्छा है कि मुख्यमंत्री यहां आकर सेवादल द्वारा करवाई जा रही जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में पहुंचकर उन्हें आशीर्वाद दें और भगवान शिव का जलाभिषेक कर दर्शन करें। शोभायात्रा में श्रीमहंत बंसी पुरी और महंत भीम पुरी सहित संत महात्माओं ने अगुवाई की। सनातन संस्कृति से जुड़ी झांकियां, बाबा श्रवणनाथ स्कूल के बच्चों का भांगड़ा, शिव गणों के रूप में सजे कलाकार और बैंड पर झूमते श्रद्धालु सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। मंदिर सेवादल के प्रबंधक भूषण गौतम ने बताया कि 14 फरवरी को 11 जरूरतमंद परिवारों की लड़कियों की शादी, रक्तदान शिविर और मेडिकल कैंप लगाया जाएगा। 14 और 15 दोनों दिन महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक होगा । जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर तैयारी की गई है ।
इस बार श्रद्धालुओं को जलाभिषेक के लिए 56 हजार लीटर गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। मेले को लेकर झूला ग्राउंड और पार्किंग की अतिरिक्त व्यवस्था भी की गई है। संगमेश्वर सेवादल के 350 वालंटियर भी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे । मेले में यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और पुलिस की व्यवस्था भी रहेगी। देर शाम को शोभायात्रा सरस्वती तीर्थ और मेन बाजार से होती हुई संगमेश्वर मंदिर अरूणाय में संपन्न हुई। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह लोगों द्वारा संत महात्माओं और श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया । इस अवसर पर महंत धीरज पुरी, महंत विजय गिरी हेलवा, महंत लक्ष्मी नारायण पुरी, जनकराज सिंगला, वीरभान गुप्ता, सुरेंद्र गर्ग नवदुर्गा, श्याम लाल शर्मा अरूणाय, सत्यवान सिंदुरिया,ओम प्रकाश सीतामाई, नीरज गर्ग, विकल चौबे सरपंच धनीरामपुरा, कर्मबीर हेलवा, सेवादल प्रधान लाभ कश्यप, रमणीक सिंगला, अंशुल बंसल, पंडित सतीश शास्त्री, शंभू दत्त गौतम, जय नारायण शर्मा, लाडी पाल, बलविंद्र सुरमी, रिंकू थाना, शीशपाल राणा बीबीपुर, आनंदपाल तंवर, एडवोकेट गुरनाम मलिक, जेपी मेहला रामगढ़, सुखबीर सैनी आदि सहित सैंकड़ों श्रद्धालु और बाबा श्रवणनाथ स्कूल का स्टाफ एवं बच्चे उपस्थित रहे ।
