----अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा, 6 फरवरी। संगमेश्वर महादेव मंदिर अरूणाय में महाशिवरात्रि के पर्व की तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई है। 14 और 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर लाखों श्रद्धालु भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचेंगे। मंदिर सेवादल के प्रबंधक भूषण गौतम ने बताया कि श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी और सचिव महंत विश्वनाथ गिरी के सानिध्य में 11 फरवरी को विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसे अनाज मंडी से कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।14 फरवरी को 11 जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह मंदिर की ओर से कराया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी को भी मंदिर की ओर से आमंत्रित किया गया है। इस बार श्रद्धालुओं को मंदिर में खास सुविधाएं मिलने वाली हैं। श्रद्धालुओं के लिए 14 हजार स्क्वायर फीट में लंगर भवन का जीर्णोद्धार कार्य पूरा कर लिया गया है। जिसमें एक बार में साढ़े छह हजार श्रद्धालु भोजन प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। मंदिर की ओर से प्रयास किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नायब सैनी कन्याओं के सामूहिक विवाह में शामिल होकर नए लंगर भवन का उद्घाटन करें ।इसके लिए उनसे मुलाकात करके निमंत्रण भी दिया गया है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिलाओं के लिए 20 नए शौचालय, 20 शौचालय पुरुषों के लिए, पांच-पांच स्नान घर इंटरनल और 10 ओपन स्नान घर पुरुष बनाए गए हैं। भूषण गौतम ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं को जलाभिषेक के लिए गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा मंदिर के बाहर 35 हजार लीटर का टैंक स्थापित किया गया है। अंदर तीन-तीन हजार लीटर के दो टैंक गंगाजल से भरे रहेंगे। इसके अलावा 15 हजार लीटर की एक अतिरिक्त गाड़ी भी गंगाजल से भरकर बाहर तैयार रखी जाएगी। लगभग 56 लीटर के करीब गंगाजल की व्यवस्था महाशिवरात्रि पर मंदिर की ओर से की गई है।

