महाशिवरात्रि के महापर्व पर माह रूद्र यज्ञ व रूद्राभिषेक से होती हैं मनोकामना पूर्ण : मयंक शर्मा


----अभिषेक पूर्णिमा 
पिहोवा, 10 फरवरी।
 महाशिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर शहर में इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का दिव्य वातावरण बना हुआ है। समाजसेवी मयंक शर्मा अपने परिवार सहित 11 विद्वान ब्राह्मणों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ माह रूद्र यज्ञ एवं माह रूद्र अभिषेक का आयोजन करवा रहे हैं। वेद मंत्रों की गूंज, हवन की पावन अग्नि और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर है। यह धार्मिक अनुष्ठान निरंतर महाशिवरात्रि तक चलता रहेगा। प्रतिदिन श्रद्धालु आस्था के साथ भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर यज्ञ में आहुति दे रहे हैं और आध्यात्मिक शांति का अनुभव कर रहे हैं। महाशिवरात्रि के दिन विशेष पूजा-अर्चना, रूद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे के साथ इस पावन आयोजन का समापन किया जाएगा। मयंक शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि आत्मशुद्धि, संयम और शिव भक्ति का पर्व है। यह आयोजन केवल धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और समाज सेवा की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को धर्म और संस्कारों से जुड़कर समाज के लिए सकारात्मक कार्य करने चाहिए, तभी जीवन सार्थक बनता है।

                इस अवसर पर उनकी माता विमल शर्मा ने श्रद्धा भाव से कहा की भगवान शिव की कृपा से मेरा बेटा कम उम्र में ही धर्म और सेवा के मार्ग पर अग्रसर है। आज की युवा पीढ़ी को चाहिए कि वह अपनी सनातन परंपराओं को अपनाए, माता-पिता और धर्म का सम्मान करे। पूजा, सेवा और संस्कार ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। जब युवा धर्म से जुड़ेंगे, तभी समाज और राष्ट्र सशक्त बनेगा। महाशिवरात्रि हमें भक्ति, समर्पण और मानव सेवा का संदेश देती है। पूरे क्षेत्र में बढ़ती श्रद्धालुओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि सनातन परंपराओं के प्रति लोगों की आस्था आज भी उतनी ही प्रगाढ़ है। यह माह रूद्र यज्ञ और रूद्राभिषेक न केवल धार्मिक आयोजन है, बल्कि युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक संदेश भी है कि छोटी आयु में भी धर्म और समाज के लिए बड़ा योगदान दिया जा सकता है। इस अवसर पर इंद्रजीत शर्मा, मयूर शर्मा, अरुन धवन, विमल शर्मा, गरिमा शर्मा, हिमानी, रितिका, मुकेश, विपन, कोमल, यश, त्रिवेणी सहित अनेक श्रद्धालु व पंडित आचार्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post