दो जिंदगियों को रोशन कर गए प्रीतम चंद इन्सां, 91 वर्ष की उम्र में की आंखें दान


अभिषेक पूर्णिमा/राजेश वर्मा

पिहोवा, 28 मई :  पिहोवा के गांव फूलगढ़ निवासी 91 वर्षीय प्रीतम चंद इन्सां की आंखे दो जिंदगियों को रोशन करने का काम करेंगी। डेरा सच्चा सौदा के सेवादार प्रीतम चंद इन्सां की मृत्यु के उपरांत उनकी आंखों का दान अर्पणा आई बैंक, मधुबन, करनाल में किया गया है। अर्पणा आई बैंक की डॉक्टर अनु के नेतृत्व में टीम प्रीतम चंद इन्सां की आंखे आई बैंक ले गईं। आंखों के दान के बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर पिहोवा के गणमान्य जनों के अलावा, परिजन, रिश्तेदार व बड़ी संख्या में डेरा सच्चा सौदा के सेवादार मौजूद थे। परिजनों के अनुसार बुधवार को प्रीतम चंद इन्सां पिहोवा से अपने गांव फूलगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पिहोवा के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।  उनके पुत्र हरि सिंह, गुलजार सिंह व बलकार सिंह ने बताया कि उन्होने जीते जी नेत्रदान का फार्म भरा हुआ था। उनकी इच्छा को पूरा करते हुए उन्होने उनकी आंखों का दान किया है ताकि दो जीवन रोशन हो सकें। नेत्र लेने पहुंची टीम की डॉक्टर अनु ने बताया कि समाज में कई प्रकार की भ्रांतियां हैं जोकि सही नही हैं। इस मौके पर समाजसेवी राजेश चहल, संतोष सुरमी, संदीप अग्रवाल, वासुदेव, रामपाल बटेड़ी, बीरा राम, अशोक, बाबा रामदास, राकेश अग्रवाल, बलजीत इस्माईलाबाद, कृष्ण इन्सां, सतीश व कश्मीरी समेत सैंकड़ों लोग मौजूद थे। 

Previous Post Next Post