कुरुक्षेत्र बाईपास के 27.9 किलोमीटर के लिए 217 हैकटेयर भूमि की जाएगी अधिग्रहण
ज्योतिसर से शुरू गांव किरमच, अमीन होकर मथाना तक बनेगा बाईपास
राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि
कुरुक्षेत्र, 30 मई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कुरुक्षेत्र बाईपास को बनाने की मंजूरी मिल गई है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया जल्द ही निर्माण कार्य की प्रक्रिया को शुरू करेगा। सबसे पहले भूमि अधिग्रहण का कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। कुरुक्षेत्र बाईपास के 27.9 किलोमीटर मार्ग के लिए लगभग 217 हैकटेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए 25 गांव के क्षेत्र की भूमि शामिल है, इसमें 24 गांव थानेसर उपमंडल के और एक गांव पिहोवा उपमंडल का शामिल है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कुरुक्षेत्र के लिए बाईपास बहुत ही महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट से कई समस्याओं का समाधान होगा। कुरुक्षेत्र के लिए यह बाईपास नहीं बल्कि सड़क मार्ग पर बहुत बड़ी राहत है। अब बाईपास बनाने के प्रोजेक्ट को शुरू किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र को 27.9 किलोमीटर लंबी बाईपास परियोजना की बड़ी सौगात मिली है। यह बाईपास कुरुक्षेत्र के दक्षिणी भाग से होकर निकाला जाएगा जो कुरुक्षेत्र पिहोवा मार्ग पर ज्योतिसर के पास इंदबरी से शुरू होकर स्टेट हाईवे नंबर 6, एमडीआर-119, किरमच रोड, अमीन रोड व नेशनल हाईवे -44 को जोड़ता हुआ गांव मथाना (स्टेट हाईवे-6) पर समाप्त होगा। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि इस बाईपास के तैयार होने से कुरुक्षेत्र शहर के लिए ट्रैफिक में राहत मिलेगी। बाईपास से शहर के अंदर भीड़ काफी कम हो जाएगी, क्योंकि दिल्ली की तरफ गाड़ियों की आवाजाही अंबाला की तुलना में काफी ज़्यादा है। उन्होंने कहा कि बाईपास बनने से शहरी विस्तार के लिए मदद मिलेगी। कुरुक्षेत्र शहर के इलाके से बाहर रहकर, यह बाईपास बिना किसी रुकावट के शहर के भविष्य के विकास और विस्तार के मौके बनाए रखता है। इसके साथ ही जिले के लिए आर्थिक रूप से फायदेमंद रहेगा।