पिहोवा, 14 जुलाई। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता एवं किसान नेता प्रिंस वड़ैच के नेतृत्व में अमेरिका भारत ट्रेड डील के विरोध में सैकड़ों किसानों ने मोटर साइकिल मार्च निकालकर एसडीएम गुरविंदर सिंह को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा। मोटर साइकिल मार्च अनाज मंडी से शुरू हुआ जो कि अंबाला रोड, मेन चौंक, मेन बाजार, सरस्वती चौंक से होता हुआ एसडीएम कार्यालय पहुंचा जहां पर उनको ज्ञापन सौंपा गया।
मीडिया को जानकारी देते हुए प्रिंस वड़ेच ने कहा कि देश बचाओ मोर्चा, भारत की ओर से हम आपका ध्यान भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार (फ्री ट्रेड) समझौते की ओर आकर्षित करना चाहते हैं।
हम स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील देश के किसानों, खेत मजदूरों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों तथा देश की खाद्य एवं आर्थिक संप्रभुता के लिए गंभीर खतरा है। यह समझौता भारतीय कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और करोड़ों लोगों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा। अतः यह समझौता किसानों का डेथ वारंट है। जो किसी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
देश बचाओ मोर्चा इस भारत-अमेरिका ट्रेड डील का पूर्ण रूप से विरोध करता है। हमें यह ट्रेड डील किसी भी हालत में स्वीकार नहीं है।
हम भारत सरकार से स्पष्ट रूप से मांग करते हैं कि भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार (फ्री ट्रेड) समझौते को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए तथा देश के किसानों और आम जनता के हितों की रक्षा की जाए।
यदि सरकार हमारी इस न्यायोचित मांग की अनदेखी करती है, तो देश बचाओ मोर्चा देशभर में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी भारत सरकार की होगी।
