अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा 13 जुलाई : गौ सेवा को समर्पित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित प्रभात फेरियों की श्रृंखला में सोमवार प्रातः श्रीकृष्ण कृपा मंदिर में श्री राम महिला संकीर्तन मंडल के सौजन्य से भव्य एवं भावपूर्ण प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
प्रभात की पहली किरण के साथ मंदिर परिसर में गूंजते हरिनाम संकीर्तन और भक्तिरस से ओत-प्रोत भजनों ने ऐसा आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया कि श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर हो उठे।
प्रतिदिन निकल रही प्रभात फेरियां लोगों को भगवान की भक्ति और सनातन संस्कृति से जोड़ रही हैं। श्री कृष्ण कृपा गौशाला समिति के प्रधान जगदीश तनेजा ने कहा कि प्रभात फेरी में शामिल होकर लोगों को मानसिक शांति और आत्मिक सुख की अनुभूति हो रही है। सुबह-सुबह भगवान के भजन और नाम स्मरण से दिन की अच्छी शुरुआत होती है और मन में श्रद्धा बढ़ती है।
धर्मपाल वैरागी एवं सतपाल शर्मा ने श्री राम महिला संकीर्तन मंडल को ठाकुर जी का पावन स्वरूप स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की आयोजक उर्मिल मित्तल, सपना मित्तल, सविता सिंगला, सरिता बंसल, सरोज गर्ग, मंजू बंसल, सुमन बंसल, सोनू मित्तल तथा श्री राम महिला संकीर्तन मंडल की सदस्याओं ने श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।
62 वर्षीय सेवादार श्रवण गुलाटी पिछले कई वर्षों से प्रभात फेरियों में श्रद्धालुओं द्वारा समर्पित दान राशि का लेखा-जोखा पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रभात फेरियों में प्राप्त होने वाली प्रत्येक राशि गौसेवा के पवित्र कार्य में समर्पित की जाती है।
इस सेवा का उन्हे अवसर मिलना भी ठाकुर जी की विशेष कृपा है। उनका मानना है कि दान केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि पुण्य अर्जित करने का श्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गौसेवा और धर्मार्थ कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आग्रह किया।
