शिवकुमार सैनी परिवार के सौजन्य से आयोजित प्रभात फेरी में देखने को मिला भक्ति, संगीत और श्रद्धा का अद्भुत संगम


अभिषेक पूर्णिमा  

शास्त्री कॉलोनी में भक्ति, संगीत और श्रद्धा का अद्भुत संगम

प्रभात फेरी में भजनों की अमृत वर्षा से झूम उठे श्रद्धालु, सैनी परिवार को ठाकुर जी का स्वरूप भेंट कर किया सम्मानित

पिहोवा।   प्रातःकाल की बेला... चारों ओर गूंजते "राधे-राधे" और "जय श्रीकृष्ण" के जयघोष... वातावरण में घुलती भजनों की मधुर स्वर लहरियां... और भक्ति में लीन श्रद्धालुओं की उमड़ती भीड़। ऐसा ही मनमोहक एवं भक्तिमय दृश्य देखने को मिला शास्त्री कॉलोनी में, जहां महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं विशेष प्रेरणा से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित प्रभात फेरियों की श्रृंखला का एक और दिव्य पड़ाव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

                    शिवकुमार सैनी परिवार के सौजन्य से आयोजित इस प्रभात फेरी में जैसे ही भजन संकीर्तन का शुभारंभ हुआ, पूरा वातावरण कृष्णमय हो उठा। सुप्रसिद्ध भजन गायक जितेंद्र वर्मा ने "लूट के ले गया दिल जिगर, सांवरा जादूगर" भजन प्रस्तुत किया तो श्रद्धालु स्वयं को झूमने से रोक नहीं सके। वहीं सुरेश वर्मा ने "श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में" भजन से ऐसा आध्यात्मिक समां बांधा कि उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

                     भक्ति की इस रसधारा को आगे बढ़ाते हुए तान्या सैनी, विक्की वोहरा, कुश चुचरेजा, शिवानी धीमान, राज धवन, कर्णवीर जोरा, सुशील गर्ग, राकेश शर्मा, रिंकू तनेजा, तेजिंदर ग्रोवर एवं नरेश शर्मा ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

                    कार्यक्रम का कुशल संचालन करते हुए जगदीश तनेजा ने सत्संग की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि प्रभु की कृपा के बिना जीवन अधूरा है। उन्होंने कहा कि सत्संग ही वह माध्यम है जो मनुष्य को ईश्वर से जोड़ता है और जीवन को सार्थक बनाता है।

                 इस अवसर पर सतपाल अरोड़ा, सुखबीर सैनी, मदन वर्मा एवं राकेश खुराना ने आयोजक शिवकुमार सैनी परिवार को ठाकुर जी का पावन स्वरूप स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान पूरे कार्यक्रम का अत्यंत भावुक और प्रेरणादायी क्षण बन गया।

               आयोजक परिवार के अमन सैनी, मनोज सैनी, जीत आहूजा, बलविंदर सिंह, चानन राम मुटरेजा, गौरव गर्ग, प्रिया सैनी, ईशान, सचिन, रोहन, बलबीर सैनी, संदीप, कमला एवं आरती सैनी ने सभी श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत कर भारतीय संस्कृति की अतिथि-सेवा की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की।

             कार्यक्रम में मनोहर लाल शर्मा, हरबंस दुआ, दविंदर भल्ला, राज मेहता, प्रकाश वर्मा, प्रदीप गर्ग, अश्विनी बांसल, राजेश गर्ग, रंजीत साहू, नरेंद्र चावला, मनोज चोपड़ा, विक्की कौशिक, सुमित शर्मा, शोभित मेहता, सोनू धवन, ओम प्रकाश सीतामाई, देव पूर्णिमा, दविंदर मोहन, हरिकेश नरवाल, महेंद्र सडाना, परवीन बंसल, अशोक गर्ग, विशाल सिंह पाल, शुभम सैनी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

            कार्यक्रम का समापन सामूहिक आरती एवं ठाकुर जी के पावन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। प्रभात फेरी ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जब समाज भक्ति और सत्संग के सूत्र में बंधता है, तब केवल आयोजन ही नहीं, बल्कि संस्कारों का भी उत्सव जन्म लेता है।

Previous Post Next Post