भक्ति रस में सराबोर हुई प्रथम प्रभात फेरी
अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा। महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं विशेष प्रेरणा से गौ सेवा को समर्पित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित प्रथम प्रभात फेरी ने गुरुवार प्रातः नगरवासियों को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की।
गुरुद्वारा रोड स्थित सूरज प्रकाश तनेजा और श्री कृष्ण कृपा गौशाला के प्रधान जगदीश तनेजा के सान्निध्य में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अनुपम संगम प्रस्तुत किया।
अभी पूर्व दिशा में सूर्य की पहली किरण भी नहीं फूटी थी कि प्रातः 4 बजे श्री कृष्ण कृपा मंदिर से प्रभात फेरी श्रीकृष्ण नाम के जयघोष और मधुर भजनों के साथ रवाना हुई। नगर की विभिन्न गलियों से गुजरती हुई यह प्रभात फेरी जब गुरुद्वारा रोड पहुंची, तो तनेजा परिवार ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया।
उसी क्षण मौसम ने भी मानो अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और हल्की-हल्की वर्षा की फुहारों ने वातावरण को और अधिक दिव्य एवं अलौकिक बना दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं इंद्रदेव भी इस भक्तिमय यात्रा में सम्मिलित होकर अपनी पुष्पांजलि अर्पित कर रहे हों।
विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात गणेश वंदना, गुरु वंदना और राधा नाम संकीर्तन के साथ भजनों की मनमोहक श्रृंखला प्रारंभ हुई। भजन गायक विक्की वोहरा ने "मुरली वाले दी कृपा है, कम्म बनदे जांदे ने" प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को झूमने पर विवश कर दिया। वहीं जितेंद्र वर्मा ने "लागी तुम संग यारी, मेरे बांके बिहारी" भजन गाकर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
आयोजक जगदीश तनेजा ने जब "कृष्ण कहने से तर जाएगा, पार भव से उतर जाएगा" भजन प्रस्तुत किया, तो श्रद्धालु भाव-विभोर होकर प्रभु स्मरण में डूब गए।
इसके पश्चात सुनील वत्स, अमित खुराना, राज धवन, कुश चुचरेजा एवं मोनू गाबा ने अपने मधुर भजनों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु बारिश की हल्की फुहारों के बीच नृत्य करते हुए श्रीकृष्ण भक्ति में लीन हो गए।
प्रातःकाल की ब्रह्म बेला, शीतल वर्षा, सात्विक वातावरण, श्रीकृष्ण नाम का अखंड संकीर्तन और श्रद्धालुओं के चेहरों पर झलकती दिव्य मुस्कान—इन सबने इस प्रभात फेरी को अविस्मरणीय बना दिया। उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति के हृदय में यही भाव था कि जीवन का वास्तविक आनंद प्रभु नाम के स्मरण में ही है।
आयोजक परिवार के सदस्य सूरज प्रकाश तनेजा, जगदीश तनेजा, पुरुषार्थ तनेजा,विनीत सचदेवा, संजय तनेजा, भविष्य, चितवन, राकेश तनेजा, सुदर्शन तनेजा, राजेंद्र अरोड़ा एवं मेहर चंद तनेजा ने सभी श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत एवं सत्कार किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष आशीष चक्रपाणि एवं उपाध्यक्ष सुरेंद्र ढींगरा ने तनेजा परिवार को ठाकुर जी का पावन स्वरूप भेंट कर इस ऐतिहासिक एवं भक्तिमय आयोजन की स्मृति को चिरस्थायी बनाया।
अंत में सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ प्रभात फेरी का समापन हुआ।
इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों, विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की इस दिव्य शुरुआत को ऐतिहासिक बना दिया।
