पुलिस की मॉकड्रिल, पिहोवा कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद


अभिषेक पूर्णिमा   

बम डिस्पोजल स्क्वाड और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से किया सुरक्षा अभ्यास । 

पिहोवा, 13 जून। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा किसी भी संभावित अप्रिय घटना से निपटने की तैयारियों के तहत पेहवा में पुलिस द्वारा मॉकड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान बम डिस्पोजल स्क्वाड अम्बाला इंचार्ज हितेंद्र तथा थाना शहर पिहोवा के प्रभारी सुनील वत्स के नेतृत्व में पुलिस कर्मचारियों ने कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया।

थाना शहर पिहोवा के प्रभारी सुनील वत्स ने बताया कि मॉकड्रिल के दौरान कोर्ट परिसर का घेरा डालकर सघन जांच की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों की जांच करते हुए सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। बम डिस्पोजल स्क्वाड की टीम ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से परिसर की जांच कर सुरक्षा मानकों को परखा।

थाना प्रभारी ने बताया कि इस प्रकार की मॉकड्रिल का उद्देश्य पुलिस कर्मचारियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखना तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखना है। सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर ऐसे अभ्यास किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

Previous Post Next Post