गुरुद्वारा रोड स्थित नवदीप मार्केट के सामने सीवरेज-नाले जाम, दुकानदार बेहाल, प्रशासन मौन


अभिषेक पूर्णिमा

पिहोवा, 10 जून : नगर के गुरुद्वारा रोड स्थित नवदीप मार्केट के सामने नाले व सीवरेज लाइन में अवरोध अथवा पानी की लीकेज के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है। इससे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

          एक ओर प्रशासन मानसून से पहले विशेष अभियान चलाकर सीवरेज और नालों की सफाई के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, ताकि बरसात के दौरान सड़कों और गलियों में पानी जमा न हो। वहीं दूसरी ओर गुरुद्वारा रोड स्थित नवदीप मार्केट के सामने लंबे समय से बनी यह समस्या प्रशासनिक दावों की पोल खोल रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

         मार्केट के नालों में गंदगी जमा होने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है। मुख्य गुरुद्वारा रोड पर जमा गंदे पानी के कारण पैदल राहगीरों का निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं, दोपहिया वाहनों के गुजरने के दौरान गंदे पानी के छींटे राहगीरों और दुकानदारों पर पड़ते हैं।

           आसपास के दुकानदारों ने बताया कि सड़क पर जमा गंदे पानी से न केवल लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है, बल्कि उनकी दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। यदि नाले, सीवरेज या किसी प्रकार की लीकेज के कारण यह स्थिति उत्पन्न हो रही है तो उसका शीघ्र निवारण कराया जाए।

क्या कहते हैं  नगर पालिका चेयरमैन
          इस संबंध में नगर पालिका चेयरमैन आशीष चक्रपाणि ने बताया कि विभाग की टीम कई बार मौके का निरीक्षण कर चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का सटीक कारण सामने नहीं आ पाया है। उन्होंने कहा कि सीवरेज लाइन ब्लॉक नहीं है तथा नालों की सफाई करवाई जाएगी। संभवतः कहीं पानी की लीकेज होने की आशंका है। इसके लिए जल्द ही उचित योजना बनाकर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।
Previous Post Next Post