मुख्यमंत्री की ऐतिहासिक पहल, आठवीं के पाठ्यक्रम में शामिल हुआ सिख गुरुओं का इतिहास :अवनीत वड़ैच


अभिषेक पूर्णिमा   

हरियाणा  के पाठ्यक्रम में शामिल होगा सिख गुरुओं का गौरवशाली इतिहास, भाजपा नेता अवनीत वड़ैच ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

सिख गुरुओं का इतिहास पढ़ेंगे हरियाणा के विद्यार्थी, भाजपा नेता अवनीत वड़ैच 

पिहोवा। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा हरियाणा में गुरु तेगबहादुर जी के 350वें शहीदी समागम के अवसर पर की गई ऐतिहासिक घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए प्रदेश सरकार ने आठवीं कक्षा के इतिहास पाठ्यक्रम में सिख गुरुओं का इतिहास शामिल कर दिया है। इस निर्णय से अब प्रदेश के स्कूली विद्यार्थी सिख गुरुओं के महान जीवन, उनके त्याग, बलिदान, आदर्शों तथा बाबा बंदा सिंह बहादुर जी के संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में योगदान से परिचित हो सकेंगे।

                 भाजपा नेता अवनीत वड़ैच ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगा। 

             उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी से लेकर गुरु गोबिंद सिंह जी तक सभी सिख गुरुओं ने मानवता, समानता, सेवा, करुणा, भाईचारे और सामाजिक न्याय का संदेश दिया। उनके जीवन से समाज को जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर मानव कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

               अवनीत वड़ैच ने कहा कि हरियाणा सरकार शिक्षा को केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार निर्माण का सशक्त साधन मानती है। सिख गुरुओं के इतिहास को पाठ्यक्रम में शामिल करने से विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, देशभक्ति और समाज सेवा की भावना को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है।

Previous Post Next Post