अभिषेक पूर्णिमा
चंडीगढ़/पिहोवा, 11 जून। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आज अपने घनिष्ठ मित्र, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री हरमोहिंदर सिंह चट्ठा से उनके निवास पर भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने सरदार हरमोहिंदर सिंह चट्ठा के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए उनके साथ आत्मीय बातचीत की।
मुलाकात के दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरदार हरमोहिंदर सिंह चट्ठा के लंबे सार्वजनिक जीवन, राजनीतिक अनुभव तथा समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ रहने की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर पिहोवा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक मनदीप सिंह चटठा, थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा, शाहबाद से कांग्रेस विधायक रामकरण काला भी उपस्थित रहे।
विधायक मनदीप चट्ठा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा उनके परिवार के वरिष्ठ सदस्य एवं प्रदेश के सम्मानित नेता सरदार हरमोहिंदर सिंह चट्ठा का हालचाल जानने के लिए समय निकालकर भेंट करने पर उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया।
मनदीप चट्ठा ने कहा कि चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा हमेशा अपने साथियों, मित्रों और वरिष्ठ नेताओं के सुख-दुख में सहभागी बनते हैं। उनका यह आत्मीय व्यवहार और मानवीय संवेदनाएं उन्हें आम लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच विशेष सम्मान दिलाती हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री का यह स्नेहपूर्ण कदम न केवल पारिवारिक संबंधों को मजबूत करता है, बल्कि राजनीतिक जीवन में मानवीय मूल्यों और आपसी सम्मान की भावना को भी दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा कि सरदार हरमोहिंदर सिंह चट्ठा प्रदेश की राजनीति का एक सम्मानित नाम हैं और उनके स्वास्थ्य को लेकर प्रदेशभर के लोगों की शुभकामनाएं उनके साथ हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के आशीर्वाद और शुभेच्छाओं से वे पूर्णतः स्वस्थ रहेंगे तथा समाज को अपना मार्गदर्शन देते रहेंगे।
मुलाकात का माहौल बेहद आत्मीय और सौहार्दपूर्ण रहा। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी सरदार हरमोहिंदर सिंह चट्ठा के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के इस सद्भावपूर्ण कदम की सराहना की।
.webp)