अभिषेक पूर्णिमा
शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्य, डॉ. दीपिका
पिहोवा, रोटरी क्लब पिहोवा के वर्ष 2025-26 के कार्यकाल के समापन अवसर पर एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में पूरे वर्ष की उपलब्धियों, सेवा कार्यों एवं सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान क्लब के सदस्यों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा वर्षभर किए गए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। रोटरी क्लब पिहोवा के प्रधान डॉ. अमित अरोड़ा ने बताया कि रोटरी क्लब में प्रधान, सचिव एवं कोषाध्यक्ष का कार्यकाल एक वर्ष का होता है तथा प्रत्येक वर्ष नई कार्यकारिणी का गठन किया जाता है। आगामी 1 जुलाई से नई टीम अपना कार्यभार संभालेगी। क्लब के सचिव गौरव बंसल ने बताया कि डॉ. अमित अरोड़ा के नेतृत्व में रोटरी क्लब ने पूरे वर्ष समाज सेवा के अनेक आयाम स्थापित किए। क्लब द्वारा "पढ़ो, बढ़ो, मुस्कुराओ – एक नई दिशा" अभियान के तहत अशिक्षित बच्चों एवं घरों में कार्य करने वाली महिलाओं को शिक्षा से जोड़ने का कार्य किया गया। बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उन्हें सम्मानित किया गया।
अजय कालड़ा ने कहा की रोटरी क्लब की शगुन योजना के अंतर्गत जरूरतमंद बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता एवं आवश्यक घरेलू सामान उपलब्ध करवाया गया। रक्तदान शिविर, मेडिकल कैंप जिसमें लोगों का फ्री में इलाज करना दवाइयां और निशुल के परामर्श देना और पौधारोपण अभियान, बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री वितरण तथा अन्य कई सामाजिक एवं मानवीय सेवा कार्यों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। रोटरी क्लब की को-पायलट डॉ. दीपिका अरोड़ा ने महिला को-पायलटों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी महिलाओं ने हर कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और हर कदम पर सहयोग देकर क्लब की गतिविधियों को सफल बनाया। वहीं कृतिका बंसल ने कहा कि रोटरी क्लब एक परिवार की तरह कार्य करता है और इसी एकजुटता ने क्लब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब के पूर्व प्रधान दीपक बवेजा ने डॉ. अमित अरोड़ा के कार्यकाल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल रोटरी क्लब के इतिहास के सफल और यादगार कार्यकालों में से एक रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. अमित अरोड़ा ने अपने नेतृत्व, दूरदर्शिता और सेवा भाव से अनेक सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य किए हैं, जिनकी समाज के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने भी खुले दिल से प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों के वास्तविक हकदार डॉ. अमित अरोड़ा हैं, जिन्होंने पूरे वर्ष अथक परिश्रम कर क्लब को नई पहचान दिलाई। डॉ. जसबीर ने कहा कि इन सफलताओं के पीछे सचिव गौरव बंसल, कोषाध्यक्ष मोहित चावला, पूरी कार्यकारिणी, रोटरी परिवार तथा महिला को-पायलटों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिन्होंने हर कदम पर कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीम भावना और सेवा के प्रति समर्पण ही रोटरी क्लब की सबसे बड़ी ताकत है। अंत में प्रधान डॉ. अमित अरोड़ा भावुक नजर आए। उन्होंने अपने संबोधन में रोटरी क्लब के सभी सदस्यों, पदाधिकारियों, पूर्व पदाधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके एक वर्ष के कार्यकाल की सफलता सभी के सहयोग, विश्वास और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि क्लब परिवार ने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया, जिसके कारण समाज हित में इतने बड़े स्तर पर सेवा कार्य संभव हो पाए। उन्होंने भविष्य में भी रोटरी क्लब द्वारा इसी प्रकार समाज सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का विश्वास व्यक्त किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब पिहोवा के सभी सदस्य, पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
