अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा, 2 अप्रैल :नगर के मुख्य क्षेत्र परशुराम चौक स्थित श्री दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर की ओर से हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर पूरे नगर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
शोभायात्रा का शुभारंभ हनुमान मंदिर से हुआ, जो में चौक, मेन बाजार, सरस्वती चौक, सरस्वती मंदिर, पुराना बाजार, दरगाही शाह मंदिर, ब्रह्मयोनि तीर्थ, जाहरवीर गोगा माड़ी और कैथल रोड से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
शोभायात्रा की अगुवाई महंत महावीर दास और महंत बबला दास सहित अनेक संत-महात्माओं एवं गणमान्य नागरिकों ने की। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष आशीष चक्रपाणि, वाइस चेयरमैन, प्रतिनिधि सुरेंद्र पप्पू ढींगरा, पार्षद दीपक महंत, पार्षद जयपाल कौशिक सहित कई सामाजिक व राजनीतिक प्रतिनिधियों ने संत-महात्माओं का फूल-मालाओं से स्वागत कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया।
शोभायात्रा में भगवान हनुमान की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं महिलाओं और श्रद्धालुओं द्वारा हनुमान जी के भजनों का गुणगान किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। ढोल-नगाड़ों और जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।
मंदिर परिसर में शोभायात्रा के समापन के बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भजन गायकों ने भगवान हनुमान के भजनों की सुंदर प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर महंत महावीर दास एवं महंत बबला दास ने हनुमान जन्मोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व हमें शक्ति, भक्ति, सेवा और समर्पण की भावना का संदेश देता है। भगवान हनुमान का जीवन हमें निस्वार्थ सेवा, साहस और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरे नगर में उत्सव का माहौल बना रहा।




