पिहोवा, 1 जुलाई। स्वास्थ्य विभाग हरियाणा के निर्देशानुसार व एस.एम.ओ डा. संजीव गोयल के मार्गदर्शन में पूरे जुलाई माह को "डेंगू रोधी माह" के रूप में मनाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य डेंगू के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करना तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
हेल्थ इंस्पेक्टर मनजीत भोला ने बताया कि जुलाई माह के दौरान एसडीसीएच पिहोवा के अंतर्गत विशेष डेंगू जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान घर-घर जाकर लार्वा सर्वे किया जाएगा, लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, सरकारी एवं निजी संस्थानों तथा सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जहां भी मच्छरों के लार्वा पाए जाएंगे, वहां तुरंत आवश्यक नियंत्रण उपाय किए जाएंगे।
उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने घरों, दुकानों एवं कार्यस्थलों पर किसी भी पात्र में पानी जमा न होने दें। कूलर का पानी प्रत्येक सप्ताह बदलें, पानी की टंकियों को ढककर रखें, गमलों, पुराने टायरों, कबाड़ तथा अन्य अनुपयोगी वस्तुओं में पानी जमा न होने दें तथा प्रत्येक सप्ताह "ड्राई डे" अवश्य मनाएं।
उन्होंने बताया कि डेंगू का मच्छर साफ एवं ठहरे हुए पानी में पनपता है और प्रायः दिन के समय काटता है। यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, शरीर या जोड़ों में दर्द अथवा त्वचा पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई दें, तो वह तुरंत निकटतम सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जांच एवं उपचार कराए। स्वयं दवा लेने से बचें तथा चिकित्सकीय सलाह का पालन करें।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे डेंगू मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अपने परिवार, पड़ोस और समुदाय को भी डेंगू से बचाव के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित करें। "साफ-सफाई, जागरूकता और जनसहभागिता ही डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।"

