रोटरी क्लब, पिहोवा ने मनाया अन्नपूर्णा दिवस, डॉक्टर डे एवं सीए डे


अभिषेक पूर्णिमा 

मां सरस्वती के पावन तट पर सेवा, सम्मान और समर्पण का अनूठा संगम

पिहोवा। रोटरी क्लब, पिहोवा द्वारा आज मां सरस्वती के पावन तट पर अन्नपूर्णा दिवस, डॉक्टर डे एवं सीए डे बड़े श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब के सभी सदस्यों द्वारा मां सरस्वती की आरती के साथ हुआ। इसके उपरांत अन्नपूर्णा समिति को समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रोटरी क्लब की ओर से स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया गया।

                       इस अवसर पर रोटरी क्लब के वरिष्ठ सदस्य प्रदीप सैनी ने कहा कि रोटरी क्लब हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां सरस्वती के पावन तट पर अन्नपूर्णा दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि "किसी भूखे को भोजन कराना सबसे बड़ा पुण्य माना गया है।" इसी भावना को लेकर रोटरी क्लब इस सेवा कार्य में अपना योगदान दे रहा है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाया जा सके। उन्होंने क्लब के नवनिर्वाचित प्रधान नरोत्तम वासन के नेतृत्व में बनी नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि क्लब सेवा के नए आयाम स्थापित करेगा।

                        इसके बाद डॉक्टर डे के अवसर पर डॉ. अनमोल अरोड़ा एवं डॉ. भृगु मिन्हास को रोटरी क्लब की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य अवतार वालिया ने कहा कि डॉक्टर दिन-रात मानव सेवा में समर्पित रहते हैं और भगवान के बाद यदि कोई जीवन बचाने का कार्य करता है तो वह डॉक्टर है। इसलिए समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान के लिए उनका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है।

                      सीए डे के उपलक्ष्य में सीए सुमित जिंदल एवं सीए सुनीत गर्ग को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य गुरु प्रकाश माटा ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी ईमानदारी, विशेषज्ञता और मार्गदर्शन राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान देता है, जिसके लिए वे सम्मान के पात्र हैं।

                     कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं एवं बाहर से आए यात्रियों के लिए लंगर प्रसाद की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

                    इस अवसर पर रोटरी क्लब, पिहोवा ने सेवा, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देते हुए यह सिद्ध किया कि "नर सेवा ही नारायण सेवा है।

Previous Post Next Post