सरस्वती तट पर चैत्र चौदस मेले के लिए श्रद्धालुओं के आगमन से बढ़ी रौनक, प्रशासन व सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता किए सभी इंतजाम,
एसडीएम अनिल कुमार दून करेंगे मेले का उदघाटन
राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि
पिहोवा, 15 मार्च
तहसीलदार पूनम सोलंकी ने कहा कि उपमंडल पिहोवा में चार दिवसीय चैत्र चौदस मेले का शुभारंभ सोमवार को किया जाएगा। इस चैत्र चौदस मेले के सूचना केन्द्र का उदघाटन एसडीएम अनिल कुमार दून करेंगे।
तहसीलदार पूनम सोलंकी ने कहा कि सरस्वती तीर्थ पर उपमंडल पिहोवा में हर वर्ष चैत्र चौदस मेले का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष भी यह मेला पूरे हर्षोल्लास व भव्यता के साथ उपमंडल पिहोवा के सरस्वती तीर्थ पर 16 मार्च से 19 मार्च 2026 तक मनाया जाएगा। इस चैत्र चौदस मेले में यात्रियों की सुविधा के लिए सूचना प्रसारण केंद्र बाल भवन में स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि मेले में लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन द्वारा सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। इस मेले में लोग अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान करते हैं तथा पूजा अर्चना करते हैं।
उन्होंने कहा कि सरस्वती तीर्थ के तट पर विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो चुका है। श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए सभी प्रकार की व्यवस्था की जा चुकी हैं। सुरक्षा तथा सफाई तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस के साथ कार्य किया गया है। इस मेले से पहले और मेले के बाद भी सफाई व्यवस्था को इसी प्रकार जारी रखा जाएगा ताकि शहर में गंदगी न फैले। सभी विभागों ने अपने-अपने विभागों से सम्बंधित कार्य पूर्ण कर लिए हैं।
Tags
पिहोवा