राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि
पिहोवा ,1 अक्टूबर -
हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि डोरस्टेप पॉलिसी मेरी पॉलिसी-मेरे हाथ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत एक स्कीम है, जिसका उद्देश्य किसानों तक उनकी फसल बीमा पॉलिसियों को सीधे उनके द्वार तक पहुंचाना है। वे बुधवार को उपमंडल पिहोवा के गांव चनालहेड़ी में किसानों से खरीफ फसल 2025 के सिलसिले सम्बंधित रूबरू हुए और उनकी समस्याओं को सुना। इसके अतिरिक्त उन्होंने गांव में माता के मंदिर के निर्माण कार्य का उद्घघाटन भी किया।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि डोरस्टेप पॉलिसी मेरी पॉलिसी-मेरे हाथ किसानों को सशक्त बनाने, बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनकी फसलों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान के जोखिम को कम करने में मदद करता है, जिससे खेती को सुरक्षित और किसानों की आय को स्थिर बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस पॉलिसी को प्रभावित किसानों के घर द्वार तक पंहुचाना है। इसके अतिरिक्त किसानों को फसल बीमा योजना के लाभों और प्रक्रिया के बारे में जागरूक करके सशक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि यह पॉलिसी किसानों की फसल के नुकसान के खिलाफ व्यापक बीमा कवरेज प्रदान करती है। किसानों को फसल बीमा के महत्व, दावा राशि की गणना और योजना के लाभों के बारे में भी विस्तृत में बताकर इसका लाभ किसानों को दिया जाता है। उन्होंने किसानों से बातचीत करते हुए कहा कि वे प्राकृतिक खेती को बढावा दें और नकली बीज का प्रयोग न करें। नकली बीज का प्रयोग करने वाले को 5 साल तक की सजा और 5 लाख जुर्माने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने किसानों से अपील की कि पराली को न जलाए। फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करें और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं।
Tags
पिहोवा