भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से ही वृक्षों को देवतुल्य मानकर की जाती है पूजा : विकल चौबे

अभिषेक पूर्णिमा

पुराणों एवं धर्मग्रंथों में वृक्षों को जीवन का आधार और प्रकृति का अमूल्य उपहार: विकल चौबे 

पिहोवा। गांव धनीरामपुरा के सरपंच व समाजसेवी विकल कुमार चौबे ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से ही वृक्षों को देवतुल्य मानकर उनकी पूजा की जाती रही है। पुराणों एवं धर्मग्रंथों में वृक्षों को जीवन का आधार और प्रकृति का अमूल्य उपहार बताया गया है। वैज्ञानिकों द्वारा पेड़-पौधों में भी जीवन होने की पुष्टि के बाद इनके प्रति लोगों की आस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है। यही कारण है कि भारतीय परंपरा में वृक्षों का संरक्षण पुण्य तथा उनका विनाश पाप के समान माना गया है।
         
  भारतीय संस्कृति में अनेक वृक्षों का विशेष धार्मिक महत्व: प्रिंस मंगला(भाजपा मंडल अध्यक्ष)

           भाजपा के मंडल अध्यक्ष प्रिंस मंगला ने कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों ने वृक्षों की छाया में रहकर तप, साधना और ज्ञान की प्राप्ति की। भारतीय संस्कृति में अनेक वृक्षों का विशेष धार्मिक महत्व है। वट सावित्री पर्व पर महिलाएं अखंड सौभाग्य की कामना से बरगद के वृक्ष की पूजा करती हैं। गुरुवार को केले के वृक्ष की पूजा का विशेष महत्व माना गया है तथा उसके पत्ते पर भोजन करना शुभ माना जाता है। वहीं पारिजात को कल्पवृक्ष मानकर उसकी भी श्रद्धापूर्वक पूजा की जाती है।

वृक्षारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल भी जरूरी: गुलशन शर्मा(भाजपा मंडल महामंत्री)

            भाजपा के मंडल महामंत्री गुलशन शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और मानव जीवन की सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए, तभी प्रकृति का संतुलन बनाए रखा जा सकेगा।

    वृक्ष परलोक में पुत्र स्वरूप उसका कल्याण करते हैं: मांगे राम कौशिक(ज्योतिषी)

        समाजसेवी पंडित मांगे राम कौशिक थाना ने कहा कि धर्मग्रंथों के अनुसार जो व्यक्ति वृक्षों का रोपण करता है, उसे महान पुण्य की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि उसके द्वारा लगाए गए वृक्ष परलोक में पुत्र स्वरूप उसका कल्याण करते हैं। जो व्यक्ति वृक्षों का दान करता है तथा उनके पुष्पों से देवताओं की आराधना करता है, वह सुख, शांति और समृद्धि का अधिकारी बनता है।
Previous Post Next Post