अभिषेक पूर्णिमा
बढ़ती जनसंख्या और घटती हरियाली पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन रही है
पिहोवा, 26 जून: प्रकृति के संतुलन और मानव जीवन के संरक्षण में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बढ़ती जनसंख्या और घटती हरियाली पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन रही है। वृक्ष न केवल स्वच्छ व प्रदूषणमुक्त वातावरण प्रदान करते हैं, बल्कि प्रकृति की सुंदरता और जैव विविधता को भी बनाए रखते हैं। वृक्षों के महत्व को लेकर शहर के समाजसेवियों ने अपने विचार व्यक्त किए।
नगरपालिका के चेयरमैन आशीष चक्रपाणि ने कहा कि स्वच्छ व स्वस्थ जीवन के लिए युवाओं के साथ-साथ धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधारोपण करने, सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने तथा जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
श्री कृष्ण कृपा गौशाला समिति के प्रधान जगदीश तनेजा ने कहा कि पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर ही पर्यावरण को स्वच्छ और जीवन को स्वस्थ बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा जरूर लगाए और उसकी देखभाल भी करे। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमें शुद्ध हवा, छाया और स्वच्छ वातावरण देते हैं।
श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर सेवादल प्रबंधक भुषण गौतम ने कहा कि प्रकृति को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण के लिए कहीं न कहीं हम स्वयं भी जिम्मेदार हैं। गलियों और सड़कों पर गंदगी फैलाने से पर्यावरण दूषित होता है। इसलिए हमें स्वच्छता अपनाते हुए प्रकृति को नुकसान पहुंचाने के बजाय उसकी रक्षा करनी चाहिए। यही हमारे बेहतर भविष्य का आधार है।
नगर पालिका के वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि सुरेंद्र पप्पू ढींगरा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को ईमानदारी से अपनी भागीदारी निभानी होगी। तभी यह अभियान अपने उद्देश्य में सफल हो सकेगा।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विक्रम ठाकुर का कहना है कि पौधे केवल पर्यावरण को ही नहीं बल्कि मनुष्य के स्वास्थ्य को भी सीधे प्रभावित करते हैं। हरियाली मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही समाज में अनुकुल बदलाव लाया जा सकता है।
वरिष्ठ समाजसेवी एवं सत्य साईं ओवरसीज के संचालक विशाल चावला ने कहा कि पेड़ों के बीच समय बिताने से तनाव कम होता है, मन शांत रहता है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ वातावरण और बेहतर जीवन प्रदान करेगा।
Tags
PEHOWA
