17 जुलाई का प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम बनेगा ऐतिहासिक, बीजेपी नेता डी.डी. शर्मा ने बैठक कर कार्यकर्ताओं में भरा जोश


अभिषेक पूर्णिमा 

प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विकास कार्यों की सराहना

पिहोवा। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी पंडित जयभगवान शर्मा (डी.डी.) ने 17 जुलाई को आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से पिहोवा एवं इस्माईलाबाद में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठकों को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपीं। 

             कुरुक्षेत्र रोड स्थित भाजपा कार्यालय, पिहोवा तथा इस्माईलाबाद के हाईवे किंग होटल में आयोजित बैठकों में मंडल, मोर्चा, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर तक पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गईं। दोनों बैठकों में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने 17 जुलाई के कार्यक्रम को ऐतिहासिक सफलता दिलाने का संकल्प लिया। पंडित जयभगवान शर्मा (डी.डी.) ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोनीपत से जींद तक देश की पहली आधुनिक हाइड्रोजन ट्रेन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र जिले में एलिवेटेड रेलवे ओवरब्रिज सहित हरियाणा की अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया जाएगा। 

                उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित भारत और विकसित हरियाणा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और आधुनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। 

               देश में वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार, अमृत भारत स्टेशन योजना, भारतमाला परियोजना, गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान, समर्पित मालवाहक कॉरिडोर, सेमी हाई-स्पीड रेल नेटवर्क, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, हर घर जल अभियान, पीएम किसान सम्मान निधि तथा स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है और आधुनिक तकनीक, हरित ऊर्जा तथा आत्मनिर्भर भारत के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

                जयभगवान शर्मा (डी.डी.) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के कारण भारत ग्रीन एनर्जी और स्वच्छ परिवहन के क्षेत्र में भी नए आयाम स्थापित कर रहा है। हाइड्रोजन ट्रेन जैसी आधुनिक परियोजनाएं पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और भविष्य की तकनीक का उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जिनसे भारत विश्व के अग्रणी देशों की श्रेणी में तेजी से आगे बढ़ रहा है। 

              उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के नए मानक स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, रेलवे, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, उद्योग, शहरी विकास तथा ग्रामीण आधारभूत ढांचे को अभूतपूर्व गति मिली है। किसानों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और गरीब परिवारों के हित में अनेक जनकल्याणकारी निर्णय लिए गए हैं। प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, ई-गवर्नेंस को मजबूत करने तथा भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी प्रशासन की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की डबल इंजन सरकार के कारण हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, औद्योगिक विकास, शिक्षा संस्थानों के विस्तार, पेयजल, बिजली, खेल और स्वास्थ्य सुविधाओं में निरंतर सुधार हो रहा है, जिसका लाभ प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंच रहा है।

                    जयभगवान शर्मा (डी.डी.) ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इलेक्ट्रिक बसों, इलेक्ट्रिक स्कूटी एवं इलेक्ट्रिक कारों के माध्यम से कुरुक्षेत्र पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल कार्यक्रम को ऐतिहासिक सफलता प्रदान करें। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग स्वच्छ पर्यावरण और हरित भारत के संकल्प को भी मजबूती देगा।

                   बैठकों में निर्णय लिया गया कि पिहोवा एवं इस्माईलाबाद क्षेत्र से अधिकतम संख्या में मंडल एवं मोर्चा पदाधिकारी, शक्ति केंद्र एवं बूथ पदाधिकारी, सरपंच, जिला परिषद सदस्य, ब्लॉक समिति सदस्य, पार्षद तथा आम नागरिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके लिए सभी स्तरों पर जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। बैठक के समापन पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर 17 जुलाई के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। 

                डी.डी. ने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं के उत्साह, संगठन की मजबूती और जनता के सहयोग से यह कार्यक्रम हरियाणा के विकास और भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक सामर्थ्य की नई मिसाल बनेगा।

                   इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रिंस मंगला, मंडल अध्यक्ष प्रदीप शर्मा (इस्माईलाबाद), राकेश प्रोहित, पिहोवा कार्यालय प्रभारी विनोद डोलिया ,अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष विशाल सौदा, नगर पालिका प्रधान प्रतिनिधि चिरंजीवी गर्ग, पूर्व प्रधान जय सिंह पाल, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रिची कौशिक, मंडल अध्यक्ष बाबू राम रूवा , गैरी रंधावा, किसान मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष एवं सरपंच प्रवीण  (उसमानपुर), अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष निरबैर विर्क, बिट्टू सुरमी , अमन बिडलान, जिंदरपाल शर्मा, सोनू (पूर्व सरपंच, इस्माईलाबाद), अजय ढींगरा , प्रल्हाद शर्मा, अश्विनी शर्मा, सोनू सुरमी  सहित भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post