महंत श्री राजेंद्र पुरी जी महाराज बने कुरुक्षेत्र जिला प्रभारी
27 जुलाई को गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर सौंपा जाएगा ज्ञापन
राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र
शाहाबाद क्षेत्र के जग ज्योति दरबार, बिजड़पुर में शनिवार को गौ रक्षा सम्मान आह्वान अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर गौ रक्षा सम्मान आह्वान अभियान के प्रांत प्रभारी संत स्वामी रामतीर्थ, जिला संयोजक निखिल बजाज, हरियाणा गौशाला महासंघ के प्रधान जितेंद्र शर्मा, विश्व हिंदू परिषद के गौ रक्षा प्रमुख राजेश अरोड़ा, जिला धर्म प्रचार-प्रसार प्रमुख ललित चावला तथा जिला बजरंग दल संयोजक रोहतास सैनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने जग ज्योति दरबार पहुंचकर संत प्रकोष्ठ राष्ट्रीय अध्यक्ष विश्व जाट महासभा एवं जग ज्योति दरबार के पीठाधीश्वर महंत श्री राजेंद्र पुरी जी महाराज को गौ रक्षा सम्मान आह्वान अभियान के तहत जिला कुरुक्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किए जाने की घोषणा की।
बैठक में गौ संरक्षण, गौ संवर्धन एवं समाज में गौ सेवा के प्रति जनजागरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि 27 जुलाई को प्रातः 9 बजे गौ माता को "राष्ट्र माता" घोषित किए जाने की मांग को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री, भारत के प्रधानमंत्री एवं भारत की राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी के माध्यम से सौंपा जाएगा। अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक गौ भक्तों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा आम नागरिकों से इस कार्यक्रम में भाग लेकर गौ रक्षा एवं गौ सम्मान के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
