अभिषेक पूर्णिमा/राजेश वर्मा
दिल्ली। महामंडलेश्वर स्वामी विद्यागिरी जी महाराज के पावन सानिध्य एवं आशीर्वाद में श्री स्वामी सर्वानंद गिरि संस्कृत विद्यालय,गीता कॉलोनी, दिल्ली में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पावन अवसर पर अनेक प्रतिष्ठित सामाजिक एवं धार्मिक व्यक्तित्वों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र जी (बड़े दिनेश जी), विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री अशोक तिवारी तथा विश्व हिंदू परिषद, दिल्ली प्रांत के प्रमुख धर्माचार्य दीपक गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
महामंडलेश्वर स्वामी विद्यागिरी जी महाराज के पावन सानिध्य एवं आशीर्वाद में व्यासपीठ से स्वामी प्रणव गिरि जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया। कथा के माध्यम से भक्ति, धर्म, सेवा और सनातन संस्कृति के आदर्शों का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।
अपने उद्बोधन में माननीय दिनेश चंद्र जी ने सभी हिंदुओं से संगठित होकर राष्ट्र एवं धर्म के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता, संस्कार और सेवा भावना में निहित है। सनातन परंपराओं का संरक्षण एवं आने वाली पीढ़ियों तक उनका संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
यह आयोजन आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के संकल्प को सुदृढ़ करने वाला प्रेरणादायी अवसर सिद्ध हुआ। सभी श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा धर्म और संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया।
Tags
Delhi