अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा: अम्बाला रोड पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी बस की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
शहरी थाना प्रभारी सुनील वत्स ने बताया कि मृतक की पहचान पिहोवा निवासी राहुल (25) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार राहुल अपनी बाइक पर बस स्टैंड से मुख्य चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक निजी बस भी बस स्टैंड से कैथल की ओर जाने के लिए निकली थी।
मैन चोंक से थोड़ा पहले ही निजी बस चालक ने अपनी बस को गफलत लापरवाही से चलाते हुए बाइक को टक्कर दे मारी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुरुक्षेत्र भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा संबंधित बस चालक के खिलाफ नियमानुसार कारवाई अमल में लाई जाएगी।
इस हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में मातम छा गया। शहर में भी इस दुखद घटना को लेकर शोक का माहौल है। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।
