अभिषेक पूर्णिमा
बटेड़ी गांव में जनसंपर्क कर ग्रामीणों को दिया रैली का निमंत्रण
कुरुक्षेत्र लिवेटेड रेलवे ट्रैक सहित अनेक विकास परियोजनाओं की दी जानकारी
पिहोवा। भारतीय जनता पार्टी लीगल सेल के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशांत भारती ने शुक्रवार को बटेड़ी गांव पहुंचकर पूर्व सरपंच के निवास पर ग्रामीणों से संवाद किया और 17 जुलाई को जींद में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसभा कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह रैली हरियाणा के विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक साबित होगी, क्योंकि प्रधानमंत्री प्रदेशवासियों को कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की सौगात देंगे।
सुशांत भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और हरियाणा निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। 17 जुलाई को जींद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अनेक बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण एवं शिलान्यास प्रस्तावित है, जिनका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा। उन्होंने विशेष रूप से कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक एवं एलिवेटेड रेलवे स्टेशन परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग 5.9 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के शुरू होने से शहर के प्रमुख रेलवे फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को स्थायी राहत मिलेगी। इससे यातायात सुगम होगा, समय की बचत होगी और शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
सुशांत भारती ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद कार्यक्रम के दौरान देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल-सेल ट्रेन को जींद से हरी झंडी दिखाएंगे तथा हाइड्रोजन गैस प्लांट का भी शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा दिल्ली–जम्मू–कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा हिस्से का उद्घाटन, भिवानी तथा कोरियावास (नारनौल) के सरकारी मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण, अंबाला–कालाआंब ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की आधारशिला, जींद–गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-352डी) तथा हांसी–बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग का लोकार्पण भी प्रस्तावित है। वहीं, कुरुक्षेत्र के उप्पी गांव में सिख संग्रहालय की आधारशिला भी प्रधानमंत्री द्वारा रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं हरियाणा के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं, परिवहन व्यवस्था और पर्यटन विकास को नई दिशा देंगी। भाजपा सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
सुशांत भारती ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे 17 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में जींद पहुंचकर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करें तथा प्रदेश को समर्पित होने वाली इन ऐतिहासिक विकास परियोजनाओं के साक्षी बनें।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच सतीश बटेड़ी, मामराज (बीएल-2), पूर्व सरपंच जोरा, रामचंद्र, जगदीश, बलराम, नाथा राम, सोनू, संजीव, राजकुमार सहित अनेक ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
