पिहोवा में चोरी की वारदात का खुलासा, दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, चोरी का सामान भी किया बरामद


अभिषेक पूर्णिमा

पिहोवा, 28 जून । अपराध अन्वेषण शाखा-1 ने चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई को पीएसआई राहुल, पीएसआई नरेंद्र, एएसआई रणदीप, एएसआई कुलदीप, एएसआई परवे, एएसआई जयपाल, मुख्य सिपाही दिनेश, सिपाही विनीत एवं सिपाही अमित की टीम ने अंजाम दिया। 25 जून 2026 को थाना शहर पिहोवा में सुंदर सिंह निवासी गांव तलहेड़ी की शिकायत पर तूर कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन मकान में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार अज्ञात चोर मकान का दरवाजा तोड़कर डीवीआर, वाई-फाई, दो एलसीडी, कपड़े, बर्तन, पंखे, लगभग 45 हजार रुपये नकद तथा अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सीन ऑफ क्राइम टीम से जांच करवाई तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। बाद में मामला आगामी जांच के लिए अपराध अन्वेषण शाखा-1 को सौंपा गया। दौरान-ए-तफ्तीश मुखबिर खास से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सागर  तथा गुरविन्द्र सिंह उर्फ गिन्दर ,निवासी पिहोवा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए अपनी निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद करवाया। बरामद सामान को नियमानुसार कब्जे में लेकर शिकायतकर्ता से उसकी शिनाख्त भी करवाई गई, जिसने सामान को अपना होना बताया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों द्वारा वारदात स्थल की निशानदेही भी करवाई गई, जो पुलिस द्वारा तैयार किए गए नक्शा मौका से मेल खाती पाई गई। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए बरामदगी की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से कराई गई है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत की मांग की गई है तथा यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने इससे पहले अन्य स्थानों पर भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

Previous Post Next Post