अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा। कांग्रेस पार्टी की ओर से एसआईआर के अंतर्गत बीएलए-2 एवं कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शिविर गांव गुमथला स्थित हरियाली पैलेस में आयोजित किया गया। शिविर में सभी बीएलए-2 एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया गया तथा उनकी जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक में पिहोवा कांग्रेस विधायक मनदीप सिंह चट्ठा,राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष जसमेर भटेड़ी, नवनियुक्त ग्रामीण कांग्रेस प्रधान सरदार कर्णजीत सिंह चट्ठा, इस्माईलाबाद कांग्रेस ब्लॉक प्रधान मोहनलाल भांवरा तथा पूर्व शहरी अध्यक्ष राकेश बधवार, पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ नेता गोपाल कौशिक,पूर्व चेयरमैन सुभाष रामगढ़ रोड सहित अनेक कांग्रेस नेताओं की अगुवाई में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण शिविर में बीएलए-2 को मतदाता सूची से संबंधित कार्यों एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक मनदीप सिंह चट्ठा ने कहा कि बीएलए-2 बूथ स्तर पर पार्टी और मतदाताओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभानी चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संगठन को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रही है और मजबूत बूथ संगठन ही पार्टी की सफलता का आधार होता है। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों कर्णजीत चट्ठा व मोहनलाल भांवरा का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
कांग्रेस पार्टी की बैठक के दौरान हल्का विधायक मनदीप सिंह चट्ठा सहित समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त ग्रामीण कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सरदार कर्णजीत सिंह चट्ठा एवं इस्माईलाबाद कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मोहनलाल भांवरा का फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की उम्मीद जताई। विधायक मनदीप सिंह चट्ठा ने कहा कि दोनों अध्यक्षों के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त होगा तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य मजबूती से किया जाएगा। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी दोनों नेताओं के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।
Tags
Pehowa