अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सरदार हरमनदीप सिंह विर्क ने हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह से शिष्टाचार भेंट कर पिहोवा विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक, सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रदेश नेतृत्व के समक्ष मजबूती से रखा और पिहोवा के वर्तमान हालात से अवगत कराया।
स. हरमनदीप सिंह विर्क ने कहा कि पिहोवा की जनता आज मूलभूत सुविधाओं और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर चिंतित है। क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आमजन के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और भविष्य में भी जनता के मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने विर्क द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में जनहित के सवालों पर निरंतर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी और कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव तथा शहर-शहर जाकर लोगों की समस्याओं को उठाने का काम करेंगे।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक रणनीति, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। हरमनदीप सिंह विर्क ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी आवाज बनने का कार्य कर रहे हैं और आने वाले समय में क्षेत्र के हर मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा।
उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि कांग्रेस के नेतृत्व में जनता की आवाज को उचित मंच मिलेगा और प्रदेश में जनहित की राजनीति को और मजबूती मिलेगी।
Tags
Pehowa