अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा 21 जून : सेवा और संवेदना की मिसाल बने श्री कृष्ण कृपा मंदिर में पिछले लगभग 30 वर्षों से जरूरतमंद परिवारों के लिए राशन वितरण का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के आशीर्वाद और प्रेरणा से शुरू हुई यह सेवा आज भी पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ जारी है।
इसी कड़ी में श्री कृष्ण कृपा मंदिर परिसर में हरियाणा गऊ सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण गर्ग की गरिमामयी उपस्थिति में मासिक राशन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान करीब 90 जरूरतमंद परिवारों को आटा, दाल, चावल, नमक, हल्दी सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
श्री कृष्ण कृपा गौशाला समिती के प्रधान जगदीश तनेजा ने बताया कि लगभग तीन दशक पहले स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने प्रेरणा दी थी कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान ही नहीं, बल्कि सेवा और समाज कल्याण का केंद्र भी होना चाहिए। उसी प्रेरणा के तहत मंदिर परिवार प्रत्येक माह जरूरतमंद परिवारों की सहायता कर रहा है।
उन्होंने बताया कि इस सेवा अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि कई ऐसे परिवार, जो कभी इस योजना के लाभार्थी थे, आज आत्मनिर्भर बनकर स्वयं इस सेवा कार्य में सहयोग दे रहे हैं। यह सेवा संस्कारों और प्रभु कृपा का सुंदर उदाहरण है।
राशन प्राप्त करने वाले परिवारों ने मंदिर परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके लिए केवल राशन नहीं, बल्कि सम्मान और आत्मविश्वास का सहारा भी है।
