अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा, 18 जून : मोबाइल दुकानदार यूनियन ने तीन दिन की लगातार छुट्टी की घोषणा की है। यह निर्णय मोबाइल यूनियन के प्रधान प्रिंस मंगला की अध्यक्षता में हाल ही में आयोजित बैठक में लिया गया।
प्रिंस मंगला ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी गर्मियों की छुट्टियों के चलते 19 से 21 जून तक शहर की सभी मोबाइल दुकानों को बंद रखने का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है।
उन्होंने बताया कि मोबाइल कारोबारियों और कर्मचारियों में छुट्टियों को लेकर भारी उत्साह है। बैठक में सभी सदस्यों से यूनियन के निर्णय का पालन करने की अपील भी की गई।
बातचीत के दौरान कई दुकानदारों ने बताया कि वे इन छुट्टियों का समय अपने परिवार के साथ घूमने-फिरने और मनोरंजन में बिताना चाहते हैं।
दीपांशु अरोड़ा ने कहा कि इस प्रकार के सामूहिक निर्णय से आपसी भाईचारा और एकता मजबूत होती है। हालांकि तीन दिन तक दुकानें बंद रहने से मोबाइल उपभोक्ताओं को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को समय रहते अपनी आवश्यकताओं को पूरा कर लेने की सलाह दी गई है।
अंत में प्रिंस मंगला ने सभी मोबाइल दुकानदारों से यूनियन के निर्णय का सम्मान करते हुए निर्धारित अवधि तक अपनी दुकानें बंद रखने की अपील दोहराई। इस अवसर पर आशु गर्ग, जयप्रकाश, मुकेश कुमार, नरेंद्र गर्ग, गुरप्रीत मेहला, गौरव शर्मा, कृष्ण कुमार, भरत वर्मा, अमित वर्मा, आकाश कुहार, विजय गुप्ता सहित अनेक दुकानदार शामिल रहे।
