पिहोवा, 21 जून युवा क्लबों द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम समाज को बचाने की एक शानदार और सक्रिय पहल है। इसके तहत युवा गांवों और शहरों में जागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहे हैं, ताकि युवाओं को नशे की लत से दूर रखा जा सके। इसी कड़ी में आज सारसा यूथ क्लब के सदस्यों ने शालिहोत्र तीर्थ पर मीटिंग करके नशे के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है।
क्लब के प्रधान कृष्ण मलिक मिल्लू ने बताया कि गांव के सभी युवा मिलकर गांव सारसा को नशा मुक्त करने का काम करेगे। युवाओं ने “नशा छोड़ो-जीवन जोड़ो”, “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” जैसे नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया और नशे से होने वाले दुष्परिणाम बताए।
क्लब के वरिष्ठ सदस्यों ने बताया कि अभियान के तहत स्कूलों में सेमिनार और नशा छोड़ चुके लोगों का सम्मान भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि साथियों आज हमारा युवा क्लब सिर्फ क्रिकेट टूर्नामेंट कराने के लिए नहीं, समाज बचाने के लिए मैदान में उतरा है। नशा दीमक की तरह हमारे भाइयों को खोखला कर रहा है।
हर घर में कोई न कोई इस जहर से परेशान है। इसलिए हमने ठाना है कि अब गांव का एक भी युवा नशे की चपेट में नहीं आने देंगे। उन्होंने कहा कि हम पुलिस या डॉक्टर नहीं हैं, पर हम दोस्त बनकर हर उस भाई का हाथ पकड़ेंगे जो नशा छोड़ना चाहता है।
हम स्कूल जाएंगे, घर-घर जाएंगे और बताएंगे कि नशे का एक कश जिंदगी का दस साल खा जाता है। उन्होंने कहा कि आज से हमारा नारा है, खेल से जोड़ेंगे, नशे से तोड़ेंगे। जो भी नशा बेचता पाया गया उसे प्रशासन की मदद से सलाखों के पीछे पहुंचाने का काम करेगे।
इस दौरान समस्त ग्रामीणों ने युवाओं की पहल की सराहना की। इस अवसर पर भारी संख्या में क्लब के सदस्यों के अलावा ग्रामीण मौजूद थे।
Tags
Kurukshetra
