प्रदेश सचिव हरिओम अग्रवाल ने समाजजनों से की सहभागिता की अपील, प्रधान चंद्रगुप्त मंगला सोनू ने कहा- युवाओं के नेतृत्व से समाज होगा और मजबूत
पिहोवा 20 जून (अभिषेक पूर्णिमा) अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा युवा इकाई के नवनियुक्त पदाधिकारियों का पदग्रहण समारोह 21 जून को करनाल में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में प्रदेश भर से समाज के गणमान्य लोग, युवा पदाधिकारी एवं समाजसेवी भाग लेंगे।
कार्यक्रम में अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा युवा इकाई के सह-प्रभारी एवं प्रदेश सचिव हरिओम अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में युवा इकाई के पदाधिकारियों की नियुक्तियां की जा चुकी हैं, जिससे युवाओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति समाज की सबसे बड़ी ताकत है और युवा इकाई के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में करनाल पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। वहीं अग्रवाल वैश्य समाज पिहोवा के प्रधान चंद्रगुप्त मंगला (सोनू) ने कहा कि समाज के युवाओं को संगठन से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
युवा वर्ग जब सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करता है तो समाज का विकास और अधिक तेज गति से होता है। उन्होंने कहा कि करनाल में आयोजित होने वाला यह पदग्रहण समारोह समाज की एकता, संगठन और युवा नेतृत्व को नई पहचान देगा।
उन्होंने पिहोवा क्षेत्र के समाजजनों से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर नवनियुक्त पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करें तथा समाज की मजबूती के लिए अपना योगदान दें।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह समारोह युवा शक्ति को संगठित करने और समाज में नई ऊर्जा का संचार करने में मील का पत्थर साबित होगा।
