अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा, 31 मई : भारतीय योग संस्थान, पिहोवा द्वारा मॉडल टाउन स्थित बड़ा पार्क में निःशुल्क योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 70 योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया।
शिविर का आयोजन भारतीय योग संस्थान पिहोवा के अध्यक्ष प्रवीण कुमार गर्ग के नेतृत्व में तथा संस्थान के संरक्षक महेश तलवार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। योग प्रशिक्षण का संचालन मुख्य शिक्षक टेकचंद ने किया, जबकि मुख्य शिक्षिकाओं पूनम, आशा और दीपा ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास करवाया।
कार्यक्रम में भारतीय योग संस्थान के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ देवीदयाल, मनीराम, गुलशन ग्रोवर तथा डॉ. विनोद गुप्ता (चीका) ने भी भाग लिया।
अपने संबोधन में ओम प्रकाश ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आत्मिक रूप से सशक्त बनाता है।
संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को शहर एवं आसपास के विभिन्न स्थानों पर इस प्रकार के निःशुल्क योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अंत में अध्यक्ष प्रवीण गर्ग ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, सहयोगियों एवं योग साधकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अनाज मंडी प्रधान नवीन गर्ग, वेद प्रकाश, शिव खन्ना, मुकेश गर्ग, संतोष, कला देवी, ममता, रामकुमार मित्तल, रमेश गर्ग, गणपत गर्ग, दिनेश शर्मा, अनिल बंसल, प्रवीण गर्ग सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं योग साधक उपस्थित रहे।
