गोबिंदानंद आश्रम श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ, निकाली भव्य कलश यात्रा


अभिषेक पूर्णिमा 

पिहोवा, 18 मई।  शिवपुरी रोड स्थित श्री गोबिंदानंद आश्रम ठाकुर द्वार में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर  श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी की महामंडलेश्वर स्वामी विद्या गिरी महाराज तथा आश्रम के संस्थापक श्रीमहंत बंसी पुरी महाराज के सानिध्य में  एक माह तक चलने वाली श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का विधिवत शुभारंभ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। यह धार्मिक आयोजन 17 मई से 16 जून तक आयोजित किया जाएगा। 
                   कथा प्रारंभ होने से पूर्व महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा सरस्वती तीर्थ से पवित्र जल भरकर आश्रम पहुंची, जहां कथा व्यास एवं आश्रम की महंत महंत सर्वेश्वरी गिरी सहित उपस्थित श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के दौरान महिला श्रद्धालुओ ने भजन-कीर्तन कर  धर्ममय वातावरण का संगम बनाए रखा। श्रीमद् भागवत कथा में मुख्य यजमान के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी सोहन लाल मुंगडिया, नरेश शर्मा नोनू, राघव शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने पूजा-अर्चना कर कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
                   कथा व्यास महंत सर्वेश्वरी गिरी ने कथा के प्रारंभ में कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मानव जीवन को सत्य, धर्म और भक्ति का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास में भगवान के नाम स्मरण, सत्संग और कथा श्रवण का विशेष महत्व होता है। इस दौरान भगवान की भक्ति करने से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं तथा मन को शांति प्राप्त होती है। कथा के दौरान प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण  भी किया गया। इस मौके महिला मंडल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post