आरोपियों के खिलाफ कई जिलों में लूट व डकैती के कई मामले दर्ज।
पिहोवा 14 मई। पुलिस ने शराब के ठेके से लूट की वारदात को सुलझाते हुए मामले में गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन के कुशल मार्ग-दर्शन में अपराध अन्वेषण शाखा-1 की टीम ने शराब के ठेके से लूट मामले में आरोपी कुलदीप व अनिल कुमार वासीयान आफ़ताबगढ़ जिला जींद हाल वासीयान महम जिला रोहतक व राजीव वासी पांजू जिला जींद हाल वासी नरवाना को गिरफ्तार करने मे सफलता हासिल की है।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 8 जनवरी 26 को कुलदीप सिंह वासी गुहणा जिला कैथल ने बताया कि वह गांव थाना में ठेका शराब अंग्रेजी व देसी पर नौकरी करता है तथा सेल-परचेज का काम देखता है। दिनांक 7 जनवरी को रात करीब 10-30 बजे उसने ठेका बंद कर दिया था तभी एक लड़का आया और बोला कि उसे शराब चाहिए। वह शराब लेने के लिए जैसे ही अन्दर गया लड़का उसके पीछे-पीछे अन्दर आ गया और अपने दो साथियों की भी बुला लिया। उन्होंने उसे थप्पड़ मारे और कहा कि शोर मचाया तो जान से मार देंगे। आरोपियों ने उनके गल्ले से 8/10 हजार रूपये तथा करीब 3 पेटी शराब लेकर भाग गए। जिसकी शिकायत पर थाना सदर पेहवा में मामला दर्ज करके जांच अपराध अन्वेषण शाखा-1 द्वारा की गई थी।
दिंनाक 13 मई 26 को अपराध अन्वेषण शाखा-1 प्रभारी निरीक्षक प्रतीक के दिशानिर्देश में पीएसआई जसबीर सिंह, राहुल, नरेंद्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक रणदीप सिंह, कुलदीप सिंह, विरेंद्र कुमार, प्रवेश कुमार, मुख्य सिपाही कृष्ण कुमार, विरेंद्र विक्रम, अनिरुद्ध व सिपाही वाक्स की टीम ने शराब के ठेके से लूट मामले में गिरोह के आरोपी कुलदीप व अनिल कुमार वासीयान आफ़ताबगढ़ जिला जींद हाल वासीयान महम जिला रोहतक व राजीव वासी पांजू जिला जींद हाल वासी नरवाना को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया।
आरोपियों के खिलाफ कई जिलों में मामले दर्ज: प्रतीक
जानकारी देते हुए अपराध अन्वेषण शाखा-1 प्रभारी निरीक्षक प्रतीक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हरियाणा के कई जिलों में मामले दर्ज हैं। आरोपियों ने जिला कुरुक्षेत्र में पेट्रोल पंप और ठेकों पर सात वारदातों को अंजाम दिया था। इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ जिला अंबाला, कैथल, फतेहाबाद, सिरसा, हिसार और रेवाड़ी में लूट और ठकैती के मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी राजीव के खिलाफ हरियाणा भर में 18, कुलदीप के खिलाफ 6 और अनिल के खिलाफ 3 मामले दर्ज हैं।
