अभिषेक पूर्णिमा
जुरासी में हुए संत समागम में सांसद नवीन जिंदल सहित हजारों की संख्या में संगत ने भरी हाजरी
पिहोवा 9 अप्रैल गुरुद्वारा सचखंड ईशर दरबार जुरासी में ब्रह्मलीन संत बाबा मान सिंह की स्मृति में तीन दिवसीय बरसी समागम गुरुवार को संपन्न हुआ। इस समागम में हजारों की संख्या में दूर दराज से पहुंची और संगत ने संत बाबा मान सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद संत महात्माओं के विचारों को सुना। संत समागम में पहुंचे सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि सांसारिक सुखों का त्याग कर अपने जीवन को मानवता की सेवा में लगाने वाला व्यक्ति ही सच्चा संत होता है। दिवंगत संत बाबा मान सिंह का जीवन इसका प्रत्यक्ष प्रमाण रहा।सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि ऐसे लोग धरती पर ईश्वर के भेजे हुए दूत होते हैं। संत बाबा मान सिंह ने अपना जीवन शिक्षा, चिकित्सा, कार सेवा जैसे जनहित के कार्यो में लगाया। संत बाबा मान सिंह जो राह दिखा कर गए वे उसका अनुसरण करके यहां के लोगों की सेवा करना चाहते हैं। सांसद जिंदल ने कहा कि जब भी देश में कोई प्राकृतिक आपदा आई। संत बाबा मान सिंह ने हमेशा कार सेवा के जरिए लंगर लगाकर पीड़ितों की मदद की। इस क्षेत्र में बच्चों की शिक्षा के लिए अकादमी की स्थापना, लड़कियों के लिए नर्सिंग कॉलेज, चैरिटेबल अस्पताल स्कूल आदि उनकी इस क्षेत्र को देन हैं।
उन्होंने कहा कि संत बाबा मान सिंह देश और समाज के प्रति सकारात्मक सोच के संत थे। इस समागम में संतो ने संगत को गुरबाणी से जोडक़र निहाल किया। संत बाबा मणि सिंह ने कहा कि गुरबाणी मे जात पात ऊंच नीच का कोई स्थान नहीं होता। परमात्मा कभी किसी का कोई बुरा नहीं करते। आज जो कुछ भी हमारे पास है। वह सब कुछ परमात्मा की देन है। समागम में रागी ढाडी जत्थे, कथावाचकों द्वारा शब्द कीर्तन के जरिए संगत को गुरुचरणों से जोड़ा। इस समागम में भाजपा नेता जय भगवान शर्मा डीडी, बाबा दिलबाग सिंह, बाबा सुरजीत सिंह, निशान सिंह, राव वीरेंद्र सरपंच, मार्केट कमेटी चेयरमैन तरणदीप सिंह वड़ैच, महामंत्री विकास गर्ग, गुरिंदरजीत सिंह नत, सुरेश राणा बीबीपुर, जगत सिंह चंडीगढ़ फार्म, बलविंद्र सिंह काका, प्यारा सिंह, रामपाल, सतनाम सिंह व जसबीर जस्सी आदि मौजूद रहे ।


